इंदौर

पश्चिम क्षेत्र विद्युत कंपनी में अगले सप्ताह ज्वाइन करेंगे 277 नए कार्मिक

Share

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के आतिथ्य में पिछले सप्ताह भोपाल में राज्य स्तरीय समारोह में निय़ुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद अगले सप्ताह 8, 9 सितंबर को मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र कंपनी में 277 नव नियुक्त कर्मचारी, अधिकारी ज्वाइनिंग देंगे। इसके लिए कंपनी प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के मार्गदर्शन में ज्वाइनिंग एवं अगले चरण में इसी माह ट्रेनिंग का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है।

कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश सिंह चौहान ने बताया कि नए 277 कार्मिकों में सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, सहायक विधि अधिकारी, मानव संसाधन प्रबंधक, लाइन कर्मचारी आदि शामिल है। सबसे ज्यादा 225 के करीब लाइन कर्मचारी ज्वाइनिंग देंगे। मुख्य महाप्रबंधक श्री चौहान ने बताया कि अभियंता, मानव संसाधन प्रबंधक और विधि अधिकारी कार्पोरेट कार्यालय पोलोग्राउंड में 8, 9 सितंबर को ज्वाइनिंग देंगे। वहीं लाइन कर्मचारी इंदौर एवं उज्जैन मप्रपक्षेविविकं क्षेत्रीय मुख्य अभियंता कार्यालयों में ज्वाइनिंग देंगे।

इसी माह अंत में इन नए कार्मिकों की विधिवत रूप से ट्रेनिंग के सत्र आयोजित होंगे। मुख्य महाप्रबंधक ने बताया कि नए पदों से कंपनी के प्रशासनिक कार्य के अलावा उपभोक्ता सेवा, आपूर्ति इत्यादि कार्यों में आसानी होगी। मैदानी कार्य के लिए लाइन कर्मचारियों की कमी काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।

Back to top button