शिक्षा

सृजन कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन, शिक्षकों के नवाचार को मिली सराहना

Share

 

सिरोल्या (अमर चौधरी)। शासकीय संदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सन्नौड़ में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने हेतु सृजन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में बच्चों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान, गणित एवं सामाजिक विज्ञान से जुड़े आकर्षक मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से विषयों को सरल व रोचक ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे देखकर पालकगण भी प्रभावित नजर आए।

कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश पटेल के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मेहरबानसिंह पारसनिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने उद्बोधन में कहा कि “सृजन कार्यक्रम बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे सीखने को लेकर अधिक उत्साहित होते हैं। शिक्षकों का यह प्रयास सराहनीय है, जो शिक्षा को पुस्तकों से आगे ले जाकर व्यवहारिक जीवन से जोड़ता है।”

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पालक उपस्थित रहे। शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं पालकों को दिखाई गईं तथा बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, उत्तर लेखन शैली, व्यवहार, अनुशासन और नियमितता पर विस्तार से चर्चा की।
पालकों ने विद्यालय द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

 

Back to top button