फर्जी फेसबुक आईडी से नेताओं पर अनर्गल आरोप लगाने वाले आरोपी की कोर्ट परिसर में पिटाई की कोशिश

देवास। शहर में लंबे समय से सोशल मीडिया पर फर्जी फेसबुक आईडी से राजनीतिक नेताओं व अन्य लोगों पर अभद्र और झूठे आरोप लगाने वाले युवक की गिरफ्तारी के बाद बुधवार को कोर्ट परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई।
जब पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करने लाई, बड़ी संख्या में पहले से मौजूद लोगों ने आरोपी युवक से झूमाझटकी की। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर जैसे-तैसे आरोपी को सुरक्षा के बीच कोर्ट कक्ष तक पहुंचाया। न्यायालय ने आरोपी को जेल भेजने के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार आरोपी युवक हर्ष वर्मा ‘दर्पण देवास’ नामक फर्जी फेसबुक आईडी संचालित कर रहा था। इस आईडी के माध्यम से वह लगातार शहर के जनप्रतिनिधियों और राजनेताओं के खिलाफ अनर्गल, अपमानजनक और भ्रामक पोस्ट कर रहा था। इन पोस्टों से नेताओं और उनके समर्थकों में लंबे समय से रोष था।
पुलिस को इस संबंध में शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके बाद सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की। जांच में पुष्टि हुई कि उक्त फेसबुक अकाउंट हर्ष वर्मा नामक युवक द्वारा संचालित किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और बुधवार को न्यायालय में पेश करने लाई।
कोर्ट पहुंचते ही पहले से मौजूद लोगों ने आरोपी युवक पर हमला बोलने का प्रयास किया। वहां मौजूद पुलिस बल ने किसी तरह स्थिति को संभाला और आरोपी को भीतर ले गई।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद कोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। न्यायालय के आदेश अनुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।




