क्षिप्रा जल संयंत्र की हुई व्यापक सफाई, आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने किया कार्य

– सनसिटी और आनंद ऋषि नगर की पानी की टंकियों की भी हुई सफाई
देवास। शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु एवं स्वच्छ बनाए रखने की दिशा में नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगर निगम आयुक्त रजनीश कसेरा के निर्देशानुसार क्षिप्रा जल संयंत्र पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। निगम के जलप्रदाय विभाग द्वारा वर्षाकाल के मद्देनज़र यह कार्य सावधानीपूर्वक संपन्न किया गया।
मानसून के दौरान क्षिप्रा नदी के जल में बहकर आने वाली गाद एवं अन्य अवसाद जल संयंत्र में एकत्र हो जाते हैं, जिससे जल शुद्धिकरण की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसे देखते हुए निगम ने समय रहते प्लॉकुलेटर एवं जल शुद्धिकरण प्लांट की गहराई से सफाई करवाई।

इस प्रक्रिया के अंतर्गत प्लांट की दीवारों और टैंकों को पानी की तेज धार से धोकर पूरी तरह से स्वच्छ किया गया, जिससे गंदगी एवं अवशेष पूरी तरह हटाए जा सके।
इस सफाई अभियान के अंतर्गत सनसिटी एवं आनंद ऋषि नगर की पानी की टंकियों की भी सफाई की गई। विशेष टीम द्वारा इन टंकियों को पूरी तरह खाली कर उन्हें ब्रश, ब्लोअर और हाई प्रेशर वॉशिंग से साफ किया गया, ताकि नागरिकों को शुद्ध और साफ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।




