पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 117 लीटर अवैध शराब और कार जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

देवास। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर पुलिस ने 117 लीटर अवैध देशी शराब और एक कार सहित कुल 2.5 लाख रुपये का माल जब्त किया है। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा संगठित अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण लगाने हेतु जिले में ऑपरेशन प्रहार” प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत अवैध शराब संबंधी अपराध में संलिप्त बदमाशों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।
बुधवार को चौकी प्रभारी नेवरी को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई की नदी वाले रास्ते से एक व्यक्ति लाल रंग की कार में अवैध शराब की तस्करी करने के लिये ग्राम मानकुण्ड की तरफ जा रहा है। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) हरनारायण बाथम के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बागली सृष्टि भार्गव के निर्देशन में थाना प्रभारी हाटपीपल्या दीपक यादव एवं चौकी नेवरी प्रभारी हर्ष चौधरी तत्काल फोर्स के साथ मुखबिर द्वारा बताये नदी वाला रास्ता ग्राम मानकुण्ड के सामने पहुंचे, जहां पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी महेश पाटीदार उम्र 32 साल निवासी ग्राम मानकुण्ड के कब्जे से 117 लीटर देशी शराब कीमत 48,750 रुपये एवं चार पहिया वाहन कुल 2,48,750 रुपये का माल जब्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना हाटपीपल्या में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।




