क्राइम

सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से फंसे शातिर चोर: खातेगांव पुलिस ने पकड़ी बाइक चोरों की गैंग

Share

 

6 चोरी की बाइक जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार, 4.50 लाख का माल बरामद

देवास। जिले में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा अभियान स्तर पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे।

इसी क्रम में खातेगांव थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4.50 लाख रुपये मूल्य की 6 मोटरसाइकिलें बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी विशेष टीम

जिले में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी पुनीत गेहलोद ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गई मोटरसाइकिलों की बरामदगी के सख्त निर्देश दिए थे। निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन और एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी खातेगांव विक्रांत झांझोट के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के समन्वय से जांच शुरू की। टीम ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस को तीन युवकों की गतिविधियों पर संदेह हुआ। इन्हें हिरासत में लेकर जब पूछताछ की गई तो उन्होंने चोरी की घटनाओं को स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी

पुलिस ने ग्राम कुमारिया बनबीर थाना पीपलरवां निवासी अरुण हाड़ा (25 वर्ष), क्रिस हाड़ा (25 वर्ष) और नीरज सिसौदिया (22 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खातेगांव सहित अन्य थाना क्षेत्रों से चोरी गई कुल 6 मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनकी अनुमानित कीमत 4.50 लाख रुपये है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

टीम का सराहनीय योगदान-
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी विक्रांत झांझोट के नेतृत्व में उप निरीक्षक नरेन्द्र सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक यतीश तिवारी, रविन्द्र सिंह तोमर, ओमप्रकाश पाटील, जितेन्द्र सिंह तोमर, आरक्षक श्याम उपाध्याय, राहुल सोनी, गौरव सिंह तोमर, योगेन्द्र पटेल, मनमोहन मीणा, रिंकूसिंह राजपूत, आनंद जाट, सैनिक अरविंद, खेमचंद, आसिफ खान तथा साइबर सेल से प्रआर सचिन चौहान और शिवप्रताप सिंह सेंगर की विशेष भूमिका रही।

Back to top button