कदमताल के साथ सिरोल्या में निकला पथ संचलन, जगह-जगह हुआ स्वागत

सिरोल्या (अमर चौधरी)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ 2025 में शताब्दी वर्ष मना रहा है। जिसका ग्रामीण अंचल में उत्साह देखने को मिला।
सिरोल्या में पथ संचलन भव्य रूप से रविवार को निकला। शाउमावि सिरोल्या से सुबह 11 बजे पथ संचलन शुरू हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक फुल पैंट और सफेद शर्ट पहनकर हाथों में लाठी लिए कदमताल करते हुए चल रहे थे। इन सबके सिर पर काली टोपी एक अलग ही पहचान दे रही थी। राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत भारतीय संस्कृति की रक्षा का संकल्प लेकर मुख्य मार्गो से जिधर भी स्वयंसेवक निकल रहे थे, उनको सब सम्मान की दृष्टि से देख रहे थे।

हिन्दुत्व जनजागरण के साथ भारत माता के नारे पथ संचलन में गूंज रहे थे। भगवा ध्वज लहरा रहा था। स्वयंसेवकों का इस दौरान विभिन्न जगहों पर पुष्पवर्षा से स्वागत भी किया जा रहा था। रंगारंग फटाखे के साथ आतिशबाजी भी हो रही थी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन हायर सेकेंडरी स्कूल से शुरू होकर गायत्रीनगर, मुख्य मार्ग, सुतारखेड़ा मार्ग एवं उसके बाद देवास-बरोठा रोड होते हुए हायरसेकेंडरी स्कूल में समापन हुआ। सुरक्षा की दृष्टि से बरोठा थाना टीआई अजयसिंह गुर्जर भी पुलिस बल के साथ पथ संचलन में उपस्थित हुए।



