• Mon. May 12th, 2025

भेसुड़ा पर्वत पर सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान आरंभ

ByNews Desk

May 7, 2025
Dharmik news
Share

 

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। क्षेत्र के प्राकृतिक पर्वतीय रमणीय स्थल भेसुड़ा पर्वत के मध्य में अंबेश्वर महादेव मंदिर स्थित है।
यहां पर 6 से 12 मई तक धार्मिक अनुष्ठान के तहत एक कुंडीय यज्ञ का आयोजन चल रहा है।

यह यज्ञ जटाशंकर महंत बद्रीदासजी महाराज के मार्गदर्शन में जटाशंकर के ब्रह्मलीन महंत केशवदास जी की प्रेरणा से एवं स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से किया जा रहा है। परोपकार की भावना के लिए किए जा रहे इस इस यज्ञ में संत गोविंददास त्यागी, कांगरिया पर्वत देव स्थल के संत भगवानदास रामदास एवं रमेश महाराज, रामचंद्र महाराज का सानिध्य मिल रहा है।

आचार्य पं. रघुनंदन त्रिवेदी, रविंद्र त्रिवेदी, पांच बटूक ब्राह्मणों द्वारा यज्ञ किया जा रहा है। यज्ञ आचार्य पं. रघुनंदन त्रिवेदी ने बताया, कि क्षेत्र में खुशहाली बनी रहे और प्राकृतिक आपदा जैसी घटना नहीं हो इसी कामना को लेकर पर्वतीय स्थल पर यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।

यहां पर भगवान देवनारायण एवं माता का प्राचीन स्थान है। प्राकृतिक रूप से आम के पेड़ की जड़ से निकलने वाला जल अंबेश्वर महादेव का सतत अभिषेक करता है।

यज्ञ आचार्य पं. त्रिवेदी ने बताया कि 12 मई को सात दिवसीय यज्ञ की पूर्णाहुति होगी। इसके बाद पर्वतीय स्थल पर भंडारा आयोजित किया जाएगा। गौरतलब है कि बेहरी ग्राम पंचायत मुख्यालय से 8 किलोमीटर दूर धावड़िया पंचायत के गांव बावड़ीखेड़ा के नजदीक पर्वत है। यहां होने वाले यज्ञ में 60 गांव के लोग शामिल हो रहे हैं।

बावड़ीखेड़ा, रामपुरा, मालीपुरा, चैनपुरा, लखवाड़ा, बेहरी, बागली, नयापुरा, छतरपुरा, गुराड़िया, भमोरी के लोग सहयोग करते हैं। विगत 20 वर्षों से यहां पर यज्ञ कर्म हो रहा है। यह यज्ञ क्षेत्र में सुख-शांति एवं पर्याप्त वर्षा के लिए सामाजिक भाव से किया जाता है।