देवास

देवास में आंधी के साथ एक घंटे तक हुई बारिश, ओले भी गिरे

Share

वातावरण में घुली ठंडक, गर्मी से मिली राहत, उमस ने सताया

देवास। शहर में रविवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और देखते ही देखते आंधी-हवा के साथ जोरदार बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। बारिश होने से शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली और तापमान में भी गिरावट आई। हालांकि बारिश के बाद उमस बढ़ गई।

शहर में शाम करीब चार बजे मौसम का मिजाज बदलने लगा। ठंडी हवाओं के तेज झोंकों के साथ ही आसमान में घने काले बादल छा गए। कुछ ही पलों में धूलभरी आंधी शुरू हो गई, जिसने शहर की रफ्तार को कुछ समय के लिए रोक सा दिया। आंधी के साथ ही बिजली भी गुल हो गई।

Rain

आंधी के बाद जोरदार बारिश शुरू हो गई, जिसके साथ ही आंवले व उससे बड़े आकार के ओले भी गिरने लगे। ओलों की गिरने की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई जगहों पर छतों, चद्दरों और वाहनों पर इनके गिरने की आवाज़ साफ सुनाई देने लगी। ओले व बारिश की बौछार से बचने के लिए लोगों ने घरों की खिड़कियां और दरवाजे भी बंद करना पड़े। कई लोगों ने ओलावृष्टि का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर भी किया।

शहर में करीब एक घंटे तक लगातार बारिश होती रही। हालांकि इस बारिश से गर्मी से बड़ी राहत मिली, लेकिन इसके बाद वातावरण में उमस बढ़ गई, जिससे लोगों को परेशानी का अनुभव हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, इस प्रकार का मौसम तीन-चार दिनों तक बना रह सकता है।

इस बारिश से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। दिनभर की चिलचिलाती गर्मी के बाद अचानक हुई इस बारिश से मौसम सुहावना हो गया। हालांकि सब्जी उत्पादक किसान ओलावृष्टि से चिंतित हैं।

शहरवासियों का कहना है, कि गर्मी के मौसम में अमूमन इतनी तेज बारिश और इतने बड़े आकार के ओले गिरते देखे देखे नहीं है। बच्चों व बड़ों ने ओलों को उठाकर आनंद भी लिया।

Back to top button