• Wed. May 7th, 2025 2:36:25 PM

देवास में जल संकट गहराया: महापौर के सख्त निर्देश, युद्धस्तर पर होगी जल आपूर्ति

ByNews Desk

Apr 3, 2025
Shipra dam
Share

 

देवास। जल संकट से जूझ रहे देवास शहर में पानी की समस्या के समाधान के लिए महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने नगर निगम अधिकारियों के साथ आपात बैठक बुलाई।

एनडीवीए से पानी की कम आपूर्ति के कारण क्षिप्रा बैराज में पर्याप्त जल संचय नहीं हो सका, जिससे कई क्षेत्रों में जल संकट गहरा गया है। इस गंभीर स्थिति से निपटने के लिए महापौर ने जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।

चयनित नलकूपों को 24 घंटे चालू रखने का निर्देश: महापौर ने आदेश दिए कि नगर निगम के चयनित नलकूपों को 24 घंटे चालू रखा जाए और इनमें हाईड्रेंट की व्यवस्था की जाए, ताकि जल आपूर्ति प्रभावित न हो।

पानी टैंकरों से जल आपूर्ति: जिन क्षेत्रों में जल संकट अधिक है, वहां टैंकरों के माध्यम से जल वितरण सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

जल प्रदाय एवं वाहन विभाग का समन्वय: महापौर ने निर्देश दिए कि जल प्रदाय विभाग और वाहन विभाग आपसी समन्वय बनाकर युद्ध स्तर पर कार्य करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

एनडीवीए से जल आपूर्ति की मांग: महापौर को कार्यपालन यंत्री द्वारा अवगत कराया गया कि यदि एनडीवीए से लगातार 3-4 दिन तक 24 घंटे जल आपूर्ति होती है तो स्थिति में सुधार हो सकता है। इस पर महापौर ने स्वयं एनडीवीए और इंदौर कलेक्टर से चर्चा करने का आश्वासन दिया।

Nagar nigam dewas

मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे: महापौर ने बताया, कि देवास विधायक गायत्री राजे पवार ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से 5 अप्रैल को बैठक का समय मांगा है, जिसमें महापौर भी उपस्थित रहेंगी।

निजी नलकूपों का अधिग्रहण: जल संकट को देखते हुए महापौर ने निर्देश दिए कि नगर निगम शहर में निजी नलकूपों का अधिग्रहण कर उनसे जल आपूर्ति करने की योजना बनाए। इस संबंध में कलेक्टर से भी चर्चा की जाएगी।

निजी टैंकरों से करेंगे व्यवस्था: जल आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए निजी टैंकरों की सहायता लेने की कार्ययोजना भी तैयार करने के निर्देश दिए गए।

प्रतिदिन जल वितरण की रिपोर्ट: कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिया गया कि वे प्रतिदिन जल वितरण व्यवस्था की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

क्षिप्रा बैराज का निरीक्षण-
बैठक के बाद महापौर गीता अग्रवाल, विधायक व महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल और नगर निगम अधिकारियों ने क्षिप्रा बैराज और इंटेकवेल का निरीक्षण किया। उन्होंने पानी के स्तर का जायजा लिया और एनडीवीए अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर जल आपूर्ति बढ़ाने का अनुरोध किया।

इस निरीक्षण के दौरान निगम सहायक यंत्री इंदुप्रभा भारती, सहायक यंत्री सौरभ त्रिपाठी, स्वास्थ्य अधिकारी जितेंद्र सिसोदिया, भाजपा नेता विपुल अग्रवाल, जितेंद्र जायसवाल, सुदर्शन दुबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Amaltas hospital

देवास में जल संकट से निपटने के लिए महापौर ने सक्रिय पहल करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। जल वितरण व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जल प्रदाय विभाग, वाहन विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। एनडीवीए से जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, साथ ही जल संकटग्रस्त क्षेत्रों में टैंकरों से जल आपूर्ति की व्यवस्था की जा रही है।