पश्चिम क्षेत्र विद्युत कंपनी ने महाकाल सवारी के लिए किए विशेष इंतजाम

इंदौर। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उज्जैन में श्रावण महोत्सव एवं महाकाल सवारी मार्ग पर बिजली विशेष तैयारी की जा रही है। विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उज्जैन शहर में 14 जुलाई से 18 अगस्त तक महाकाल सवारी आयोजन के मद्देनजर सवारी मार्ग पर बिजली व्यवस्था के प्रभावी इंतजाम पिछले सात दिनों से किए जा रहे हैं।
कंपनी ने महाकाल मंदिर, नगरकोट, दूधतलाई, कार्तिक मेला 33/11 केवी सब स्टेशन का मेंटेनेंस कर सवारी मार्ग के 11 केवी लाइन के 7 फीडरों पर जरूरी कार्य कराए हैं। सवारी मार्ग पर स्थित 18 वितरण ट्रासंफार्मर पर मेंटेनेंस व सुरक्षा संबंधित कार्य कराए गए।
वहीं महाकाल मंदिर से रामघाट शिप्रा नदी व फिर दूसरे रूट से महाकाल मंदिर तक सवारी मार्ग स्थित 500 से ज्यादा पोल पर फायबर शीट लगाने का कार्य प्रारंभ किया है, लोहे के पोल पर शीट लगाने से बारिश के दौरान भी पोल को टच करने पर करंट नहीं लगता है।
मप्रपक्षेविविकं के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के निर्देश पर सवारी मार्ग पर संपूर्ण बिजली व्यवस्था के लिए उज्जैन अधीक्षण यंत्री पीएस चौहान ने 10 इंजीनियर समेत 80 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई है।



