अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, स्कूटर समेत भारी मात्रा में शराब जब्त

देवास। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए आबकारी विभाग की लगातार कार्रवाई जारी है।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित के मार्गदर्शन में आबकारी दल ने 1 मार्च को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सर्च अभियान चलाया। इस कार्रवाई में अवैध शराब के संग्रहण और विक्रय के खिलाफ छह मामले दर्ज किए गए, जिसमें भारी मात्रा में शराब और एक स्कूटर जब्त किया गया।
आबकारी विभाग की टीम ने स्टेशन रोड, अंबेडकर नगर, बावड़िया, केला देवी चौराहा, अकल का ठिया, होटल ट्रीट और देवास दरबार जैसे संदिग्ध स्थानों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से संग्रहित और बेची जा रही शराब बरामद की गई।
जब्त शराब-
कार्रवाई के दौरान टीम ने देशी मदिरा प्लेन के 72 पाव, विदेशी मदिरा व्हिस्की के 10 पाव, 30 लीटर हाथ भट्टी मदिरा, 200 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। इसके अलावा अवैध शराब के परिवहन में उपयोग किया जा रहा एक स्कूटर भी जब्त किया गया। जब्त की गई सामग्री और वाहन का कुल बाजार मूल्य करीब 1 लाख 80 हजार रुपए आंका गया है।

इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक राजकुमारी मंडलोई, प्रेम यादव, डीपी सिंह, आबकारी आरक्षक राजाराम रैकवार, दीपक धुरिया, बालकृष्ण जैसवाल, नितिन सोनी, दीपक टटवाड़े, निहाल खत्री, सैनिक संजय शर्मा, केदार चौधरी, किशोर, अनिल, संतोष शामिल रहे।
मामले दर्ज, जांच जारी-
जब्त की गई अवैध शराब और स्कूटर के संबंध में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क के तहत छह मामले पंजीबद्ध किए गए हैं। सभी मामलों की गहन विवेचना की जा रही है।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा-
सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित ने कहा, कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे गैरकानूनी धंधों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।




