देवास। महाशिवरात्रि भगवान शिव की उपासना का सबसे बड़ा पर्व है, जब भक्त विशेष रूप से उनके मंत्रों का जाप करके शिव कृपा प्राप्त करने का प्रयास करते हैं। महादेव अत्यंत कृपालु और शीघ्र प्रसन्न होने वाले देवता हैं। ऐसे में, उनके विशेष मंत्रों का जाप श्रद्धालुओं के लिए अनंत फलदायी होता है।
भजन गायक संजयकुमार जैन (लख्खाजी) ने बताया, कि शिव पुराण में कहा गया है कि शिव मंत्रों के उच्चारण मात्र से व्यक्ति के जीवन में शुभता का संचार होता है और समस्त कष्टों का नाश हो जाता है। महाशिवरात्रि के दिन इन मंत्रों का जप करने से विशेष लाभ मिलता है—चाहे वह मोक्ष प्राप्ति की कामना हो, सांसारिक सुख-संपत्ति की अभिलाषा हो या मानसिक शांति की आवश्यकता हो।
संजय जैन (लख्खाजी) हर वर्ष की तरह इस बार भी शिवजी के दिव्य और कल्याणकारी मंत्रों के पर्चे श्रद्धालुओं में निःशुल्क वितरित करेंगे। उन्होंने बताया कि यह कार्य वे वर्षों से कर रहे हैं और इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को भगवान शिव के दिव्य मंत्रों का लाभ पहुँचाना है।
उन्होंने कहा, कि प्रभु की असीम कृपा से मुझे ये शुभ, लाभकारी एवं कल्याणकारी महामंत्रों का महाप्रसाद प्राप्त हुआ था। तब से अब तक, मैं इसे जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा हूं। इन मंत्रों के जाप से श्रद्धालुओं की अनेक प्रकार की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस बार भी मेरी इच्छा है कि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस महाप्रसाद को प्राप्त करें और भगवान शिव की कृपा के पात्र बनें। जो भी इन मंत्रों को प्राप्त करना चाहता है, वह मुझसे शीघ्र संपर्क कर सकता है।
मंत्र प्राप्त करने के लिए संपर्क करें-
श्रद्धालु जो इन दिव्य मंत्रों का महाप्रसाद प्राप्त करना चाहते हैं, वे संजयकुमार जैन (लख्खाजी) से संपर्क कर सकते हैं। मंत्र के पर्चे सुबह 11 बजे से पिपली बाजार चौराहा स्थित श्री पिपलेश्वर महादेव मंदिर बजरंगपुरा में वितरित किए जाएंगे।
श्री जैन ने कहा कि महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की आराधना और मंत्र जाप से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आगमन होता है।