क्राइम

इंस्टाग्राम पर एयर गन के साथ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर पोस्ट करने वाले बालक को पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

Share

dewas crime news

देवास। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भड़काऊ पोस्ट कर अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया सेल के द्वारा लगातार आपत्तिजनक/ भड़काऊ/अशांति/दहशत फैलाने वाली पोस्ट/वीडियो पर निगरानी रखी जा रही है।

इसी तारतम्य में थाना बैंक नोट प्रेस क्षेत्र में एक बालक द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एयर गन के साथ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर स्टोरी एवं फोटो पोस्ट की। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीरसिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक (एलआर) संजय शर्मा के निर्देशन में थाना बैंक नोट प्रेस टीम के द्वारा संबंधित बालक की पहचान कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच के दौरान सामने आया कि बालक द्वारा उपयोग की गई बंदूक एक एयर गन थी। उसने इसे शौकिया तौर पर उपयोग करते हुए सोशल मीडिया पर स्टोरी एवं फोटो पोस्ट की थी। उक्त बालक की इंस्टाग्राम आईडी से संबंधित स्टोरी को डिलीट करवाया गया एवं वैधानिक कार्रवाई कर सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस तरह के आपत्तिजनक पोस्ट न करें। बालक को यह समझाया गया कि इस प्रकार की गतिविधियां समाज में गलत संदेश फैलाती हैं।

उल्लेखनीय है, कि पुलिस अधीक्षक देवास के नेतृत्व में जिला देवास में 1 दिसंबर 2024 से प्रारंभ किए गए “ऑपरेशन सबक” के तहत सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट/वीडियो पोस्ट करने वाले अब तक कुल 11 असामाजिक तत्वों के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। देवास पुलिस का यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button