स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को रात में भी मिले 20 प्रतिशत छूट – कांग्रेस

बिजली बिलों में बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं में रोष, कांग्रेस बोली- छूट की अवधि बढ़ाई जाए
देवास। स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में बढ़ती नाराजगी को देखते हुए कांग्रेस ने मांग की है कि स्मार्ट मीटर पर दी जाने वाली 20 प्रतिशत की छूट केवल दिन में ही नहीं बल्कि रात में भी लागू की जाए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर से बिजली बिल अपेक्षा से कहीं अधिक आ रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं का अविश्वास बढ़ा है।
गौरतलब है कि विद्युत कंपनी ने हाल ही में राहत देते हुए सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को 20 प्रतिशत की छूट देने का प्रावधान किया है, परंतु उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली की वास्तविक खपत रात में अधिक होती है, ऐसे में छूट सिर्फ दिन के समय देने का कोई लाभ नहीं है।
शहर जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर शर्मा ने कहा कि कई उपभोक्ताओं ने प्रमाण सहित दिखाया है, कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल अचानक कई गुना बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी स्पष्ट किया है कि स्मार्ट मीटर लगाने की बाध्यता उपभोक्ता पर नहीं थोपी जा सकती, यह उपभोक्ता की इच्छा पर निर्भर होगा।
श्री शर्मा ने कहा कि यदि छूट रात 7 बजे से सुबह 8 बजे तक भी लागू कर दी जाए तो उपभोक्ताओं को वास्तविक राहत मिलेगी और जो अतिरिक्त भार स्मार्ट मीटर की वजह से पड़ा है उसकी आंशिक भरपाई हो सकेगी।
उपभोक्ताओं की समस्याओं पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर बड़ा जन आंदोलन करेगी।




