देवास

टोंकखुर्द न्यायालय परिसर में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Share

न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने लिया योग सत्र में भाग

भौरासा/टोंकखुर्द (मनोज शुक्ला)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को तहसील विधिक सेवा समिति टोंकखुर्द द्वारा न्यायालय परिसर में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशन तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय प्रकाश मिश्र के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर न्यायालय परिसर में आयोजित योग सत्र में न्यायाधीश आयुषी गुप्ता और न्यायाधीश आयुषी श्रीवास्तव, अधिवक्ता एवं कोर्ट के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

योग सत्र के दौरान न्यायाधीश आयुषी गुप्ता ने कहा, योग प्राचीन समय से हमारी जीवन शैली का हिस्सा रहा है और आज यह संपूर्ण विश्व में अपनाया जा रहा है। यह केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आध्यात्मिक साधना भी है, जो संतुलित जीवनशैली बनाए रखने में सहायक है। कोविड-19 महामारी के बाद जिन लोगों को कमजोरी और स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा है, वे योग और ध्यान से शीघ्र स्वस्थ हो सकते हैं।

न्यायाधीश आयुषी श्रीवास्तव ने कहा, योग शरीर में ऊर्जा का संचार करता है। प्राणायाम, योग मुद्राएं और आसनों के अभ्यास से शरीर में प्राणवायु का बेहतर प्रवाह होता है, जिससे हम अधिक स्वस्थ रह सकते हैं। निरोग रहने के लिए योग करना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और न्यायिक व्यवस्था से जुड़े सभी लोगों को योग के प्रति प्रेरित करना था।

Back to top button