महिलाओं, बच्चों ने नशाखोरी के खिलाफ मुहिम चलाने का संकल्प लिया

संस्था मां शारदा के संयोजक द्विवेदी ने दिलाया संकल्प
भौंरासा (मनोज शुक्ला)। नगर में संस्था मां शारदा के द्वारा कराए गए पार्थिव शिवलिंग निर्माण रुद्राभिषेक में सैकड़ों महिलाओं, युवतियों, बच्चों ने नशाखोरी के खिलाफ मुहिम चलाने का संकल्प लिया।
संस्था मां शारदा इंदौर के बैनर तले पार्थिव शिव पिण्ड निर्माण एवं रूद्राभिषेक आयोजन में संस्था संयोजक एड्वोकेट प्रमोद कुमार द्विवेदी ने इस अभियान की जानकारी दी तथा आंकड़ों सहित नशाखोरी के कारण नगर तथा आसपास के क्षेत्र में हुए एक्सीडेंट और उससे हुई मौतों का उल्लेख किया। नशाखोरी से बर्बाद होते परिवार तथा आत्महत्या एवं बढ़ते हुए अपराध के आंकड़े भी दिए।
सैकड़ों महिलाओं ने उपस्थित बच्चियों तथा बच्चों, नागरिकों ने हाथ उठाकर सहयोग देने का संकल्प लिया। गौरतलब है कि प्रमोद कुमार द्विवेदी का परिवार नगर में कई सालों तक रहा है और द्विवेदी विभिन्न सामाजिक-धार्मिक आयोजन करते रहते हैं। विगत कुछ सालों में आयोजनों की बाढ़ सी नगर में आ गई। सामाजिक मुद्दों पर बेबाक राय रख लड़ाई लड़ने वाले द्विवेदी इसके पहले भी लाखों चिट्ठी शराब नीति के खिलाफ लिखवा चुके हैं।




