धर्म-अध्यात्म

एकादशी पर सजा बाबा का दरबार

Share

 

 

– नेवरी फाटा खाटू श्याम मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भजनों ने बांधा समां

भौंरासा (मनोज शुक्ला)। नेवरी फाटा स्थित श्री बाबा खाटू श्याम मंदिर आस्था और श्रद्धा का केंद्र बन गया है। एकादशी पर हर बार की तरह इस बार भी मंदिर में दिनभर भक्तों की भीड़ उमड़ी। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन किए और भजनों की स्वर लहरियों में झूमते नजर आए।

मंदिर में हर एकादशी की तरह इस बार भी विशेष कीर्तन और भजन संध्या का आयोजन हुआ। हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। सांवेर से एक भव्य निशान यात्रा मंदिर पहुंची, जबकि आसपास के गांवों से महिला-पुरुष पैदल यात्रा कर बाबा के दरबार पहुंचे। हाटपिपलिया मार्ग पर भक्तों का पैदल सफर दिनभर चलता रहा और “श्याम बाबा” के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।

विशिष्ट अतिथियों ने किए दर्शन-
इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं सोनकच्छ क्षेत्र के पूर्व विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उनके साथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनीष चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक कप्तान और देवास शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मनोज राजानी भी मौजूद रहे।

मंदिर परिसर में आयोजित भजन संध्या में इंदौर से आई भजन गायिका पूजा नम्रता (शर्मा सिस्टम) और सोनकच्छ के भजन गायक अमित राणावत ने भक्तिमय गीतों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके मधुर भजनों से देर रात तक वातावरण भक्तिमय बना रहा।
दिनभर की उमस के बाद दोपहर करीब 2 बजे से हुई झमाझम बारिश ने भी माहौल को और अधिक आनंददायी बना दिया।

प्रसादी का वितरण-
इस मौके पर यादव मिल्क सेंट नेवरी फाटा के संचालक दौलत यादव की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया। भक्तों ने प्रसादी ग्रहण कर बाबा का आशीर्वाद लिया।

Back to top button