खेत-खलियान

भाकिसं ने खजराना के भगवान श्रीगणेश को बनाया अपना सदस्य

  • देवास जिले में एक लाख सदस्य बनाएंगे, प्रमुख लोगों को भी करेंगे शामिल

भमौरी। भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत की बैठक इंदौर के खजराना में आयोजित की गई। इसमें सदस्यता अभियान पर चर्चा हुई। देवास जिले में एक लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। सदस्यता अभियान 15 दिसंबर से प्रारंभ होगा।

बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्री महेश चौधरी ने कहा, कि आज हम मंगलमूर्ति खजराना गणेशजी के सानिध्य में बैठे हैं। पहली रसीद भगवान श्री गणेश को अर्पित कर गणेशजी को सदस्य बनाएंगे। हमारा सदस्यता अभियान 15 दिसंबर से शुरू होगा। सभी तहसीलों में एक साथ अपने-अपने क्षेत्र के धार्मिक स्थलों से सदस्यता की शुरुआत करेंगे। इस बार सभी जिलों को लखपति बनना है। मतलब एक लाख सदस्य बनाना है। किसानों सहित क्षेत्र के चर्चित लोगों को भी सदस्य बनाना है। 25 दिसंबर तक पहला चरण पूरा करना है। अखिल भारतीय अध्यक्ष रामभरोसे बासोतिया ने कहा कि मालवा प्रांत देश में सबसे ज्यादा सदस्यता करने वाला प्रांत बने, इसलिए 15 दिन सारे काम छोड़कर सदस्यता में लगना है। संगठन मंत्री अतुल माहेश्वरी ने कहा, कि हमारा लक्ष्य लगभग पांच हजार 400 ग्राम पंचायतों के 12 हजार गांवों तक पहुंचने का है। सभी कार्यकर्ता 15 दिन का समय निकालकर लक्ष्य को पार करेंगे, यह मेरा विश्वास है। अखिल भारतीय अधिकारी बिट्ठलभाई दुधात्रा, प्रदेश अध्यक्ष कमलसिंह आंजना, प्रांत अध्यक्ष रामप्रसाद सूर्या ने संबोधित किया।

भारतीय किसान संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष गोवर्धन पाटीदार ने बताया कि 18 जिलों की 112 तहसीलों में सदस्यता की जाएगी। भारतीय किसान संघ प्रत्येक तीन वर्ष में किसानों एवं किसान वर्ग से जुड़े सभी व्यस्क सदस्यों की सदस्यता करेगा, जो मात्र 10 रुपए की रसीद से होगी। सभी तहसीलों में जिला प्रभारी, तहसील प्रभारी बनाए हैं। 10-10 गांव में एक मंडल रचना की है, वहां 2-2 संयोजक बनाए हैं, उन्हें जवाबदारी दी गई है।

समापन के बाद रैली के साथ ढोल-धमाके से खजराना गणेश मंदिर जाकर दर्शन किए। पहली रसीद भगवान गणेशजी को सदस्य बनाकर अर्पित की। देवास जिला अध्यक्ष हुकम पटेल ने बताया कि देवास जिले से रामनिवास केरेपा, बहादुरसिंह ठाकुर, शेखर पटेल, चंपालाल मुकाती, भगवान पटेल एवं 40 कार्यकर्ता बैठक में पहुंचे। संचालन महामंत्री रमेश दांगी ने किया।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button