आपका शहर

इंदौर जिले से देवास तक मेट्रो रेल परियोजना को दी जाएं मंजूरी

– कांग्रेस नेता मंडलोई ने उठाई आवाज, कहा सांवेर व हाटपीपल्या विधानसभा के साथ देवास जिले को होगा फायदा
– मेट्रो चलने से बायपास पर यातायात का दबाव कम होने से दुर्घटनाओं पर होगा नियंत्रण
देवास। मेट्रो रेल संचालन की तैयारी इंदौर में अंतिम चरणों में है। मेट्रो के माध्यम से शहरवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिल सकेगी। मेट्रो रेल परियोजना से सांवेर विधानसभा के गांवों व देवास जिले को शामिल करने की मांग लंबे समय से उठती आ रही है। कांग्रेस नेता हंसराज मंडलोई ने एक बार फिर आवाज उठाते हुए मांग नहीं मानने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
श्री मंडलोई ने सरकार से मांग करते हुए कहा, कि इंदौर शहर के विजयनगर चौराहे से सांवेर विधानसभा क्षेत्र के निरंजनपुर, लसुड़िया, मांगल्या, तलावली, डकाच्या, शिप्रा होते हुए हाटपीपल्या विधानसभा के गांवों को जोड़ते हुए देवास शहर तक मेट्रो रेल चलाना चाहिए। इससे सांवेर विधानसभा एवं हाटपीपल्या विधानसभा के गांवों के साथ पूरे देवास जिले को फायदा होगा। प्राइवेट बस वालों की दादागिरी से निजात मिलेगी और बायपास पर वाहनों का दबाव कम होने से दुर्घटना पर नियंत्रण हो सकेगा।
श्री मंडलोई ने बताया, कि देवास तक मेट्रो रेल पहुंचने पर देवास शहर के लोगों को भी इंदौर आनेजाने में आसानी होगी। इस समय इंदौर का विकास तेजी से हो रहा है। इंदौर के नजदीक देवास शहर है। देवास जिले में भी तेजी से नई कॉलोनियां विकसित हो रही है। देवास और इंदौर में अधिक दूरी भी नहीं है। देवास से बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए इंदौर व इंदौर से भी लोग देवास स्थित कंपनियों में काम करने के लिए जाते हैं। विकसित होते देवास शहर तक मेट्रो रेल अवश्य चलाई जानी चाहिए। इंदौर से देवास तक मेट्रो लाइन का जल्द से जल्द सर्वे करवाकर इसकी मंजूरी प्रदेश सरकार को देना चाहिए।
श्री मंडलोई ने कहा, कि मेट्रो चलने से प्राइवेट बस वालों की दादागिरी कम होगी, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। इंदौर से देवास के बीच बायपास पर ज्यादा ट्रैफिक होने के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, मेट्रो रेल प्रारंभ होने से दुर्घटनाओं पर नियंत्रण होगा। श्री मंडलोई ने जल्द से जल्द मेट्रो रेल की मंजूरी का आग्रह करते हुए मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ को भी धन्यवाद दिया है, कि उन्होंने मध्यप्रदेश के विकास के लिए अपने शासन में मेट्रो रेल परियोजना इंदौर एवं भोपाल जैसे शहरों में लाकर मध्यप्रदेश के विकास में नींव के पत्थर की तरह काम किया है। श्री मंडलोई ने कहा, कि मेट्रो रेल मप्र के विकास में बहुत योगदान रखेगी। अगर जल्द से जल्द इंदौर से देवास तक मेट्रो रेल परियोजना को मंजूरी नहीं दी जाती है तो कांग्रेस पार्टी आमजन के साथ धरना प्रदर्शन कर सरकार को जनहित में निर्णय लेने पर मजबूर करेगी।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button