नगर निगम

वार्ड 30 में पार्षद ने किया सेवा दिवस के रूप में अनूठा आयोजन

– रैनकोट, ट्राइसिकल, बरसाती वितरण के साथ किया पौधारोपण
– ट्राइसकिल मिलने पर दिव्यांग बहन के चेहरे पर झलक उठे खुशी के भाव
– एक साल पहले जनता ने हमें चुना, विकास करवाना हमारा कर्तव्य
देवास। एक वर्ष पूर्व 13 जुलाई को नगर निगम चुनाव में शहरवासियों ने अपने जनप्रतिनिधियों का चयन किया था। गुरुवार को इसी अवसर पर वार्ड 30 में अनूठा आयोजन हुआ सेवा का। इस महत्वपूर्ण दिवस को पार्षद शीतल गेहलोत ने सेवा दिवस के रूप में मनाने का संकल्प लिया और इसके माध्यम से रैनकोट, ट्राइसिकल, बरसाती आदि का वितरण किया। वार्ड को हराभरा बनाने के लिए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। एक गरीब परिवार को अंत्येष्टि सहायता भी उपलब्ध कराई।
गजरा गियर्स चौराहा पर आयोजित कार्यक्रम में अतिथि के रूप में उपस्थित महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि एक साल में हमने जो काम किए हैं, उन्हें जनता के समक्ष रखने का कार्य शीतलजी ने शुरू किया है। मैं वार्डवासियों व शहरवासियों को शुभकामना देता हूं, कि उन्होंने आज ही के दिन सही निर्णय लिया था और उसका प्रतिफल देवास में विकास के रूप में देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा देवास में करोड़ों के विकास कार्य तो हो ही रहे हैं, हमने आम नागरिकों की जरूरतों को भी ध्यान रखा है। जनता को नगर निगम से संबंधित कार्य के लिए परेशान ना होना पड़े इसके लिए महापौर हेल्पलाइन, महापौर जनसुनवाई प्रारंभ की। नक्शे की प्रक्रिया ऑनलाइन की। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र भी कोरियर के माध्यम से घर तक पहुंचाए जा रहे हैं। आवेदक को नगर निगम आने की आवश्यकता नहीं है, उसके काम घर बैठे हो रहे हैं। हम सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।


जनता की सेवा करना हमारा दायित्व-
सभापति रवि जैन ने कहा आज के ही दिन जनता ने हमें चुना था। हम इसके लिए हृदय से आभारी है। हमारा भी दायित्व बनता है कि हम निरंतर जनता की सेवा करते रहे। हम ग्रीन देवास के लिए भी लगातार काम कर रहे हैं। जो पहल सेवा दिवस के रूप में की है, इसके लिए भी धन्यवाद देता हूं।


वार्ड पार्षद को पूरे 100 नंबर दूंगा-
भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने कहा वार्ड और शहर में जो विकास कार्य हुए हैं, उनकी चर्चा करना चाहिए। शहर विकास के लिए नगर निगम की पूरी टीम लगी है। देवास में 200 से ढाई सौ करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य चल रहे हैं। वार्ड 30 के पार्षद के रिपोर्ट कार्ड की बात करूं तो उन्हें मैं 100 में से 100 नंबर दूंगा। वे इस प्रकार के कार्यों से वार्ड का परिद्श्य बदलने का प्रयास कर रहे हैं।

पार्षद ने दी वार्ड के विकास कार्यों की जानकारी-
पार्षद गेहलोत ने वार्ड में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा विकास कार्यों में गुणवत्ता का पूर्ण ख्याल रखा जा रहा है। लगभग डेढ़ करोड़ की लागत से सड़क का निर्माण होना है। पूर्व में ठेकेदार ने गुणवत्तायुक्त कार्य नहीं किया, जिस पर हमने उसका ठेका निरस्त किया तो कई प्रकार के दबाव बनाए। महापौरजी ने उसे यही संदेश दिया कि कैसी भी स्थिति में घटिया काम नहीं होगा। कायाकल्प योजना में 19 लाख रुपए की लागत से सड़क स्वीकृत है। उमाकांत कॉलोनी में दो सड़कों को मिलाने वाली सड़क पर अतिक्रमण हटाकर वहां सौंदर्यीकरण किया। वार्ड में 50 से अधिक स्ट्रीट लाइट लगाकर प्रकाश की व्यवस्था की। तीन स्थानाें पर हाईमास्ट भी लगवाए। पार्षद गेहलोत ने शक्तिनगर व आदर्शनगर में रोड निर्माण करवाने की मांग भी महापौर प्रतिनिधि व सभापति के समक्ष रखी।
कार्यक्रम में हाथ ठेला चलाने वालों को रेनकोट व झुग्गी में रहने वाले परिवारों को बरसाती का वितरण किया। साथ ही गार्डन में फूलदार पौधे रोपे गए। दिव्यांग बहन को अतिथियों ने जब ट्राइसिकल भेंट की तो उसके चेहरे पर खुशी के भाव झलक उठे। इस अवसर पर विनय कावले, देवेंद्र शर्मा, एडवोकेट आशुतोष यादव सहित वार्डवासी उपस्थित थे। आयोजन में संस्था युवा शक्ति, संस्था सक्षम एवं संस्था तुलजेश्वरी के सदस्यों का भी सहयोग रहा।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button