उज्जैन

किराए के भवनों में संचालित आंगनवाड़ी भवनों के लिए नवीन किराया दर निर्धारित

Share

अब बच्‍चों की गतिविधियों के लिए पर्याप्‍त स्‍थान मिल सकेगा

उज्जैन। संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग राजेश मेहरा ने जानकारी दी कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किराए के भवनों में संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों के लिए नवीन किराया दर निर्धारित की गई है।

नवीन मापदंड अनुसार नवीन आंगनवाडी भवन किराए पर लिए जाने से बच्चों को पढ़ने, खेलने-कूदने और अन्य गतिविधियों हेतु आंगनवाड़ी केन्द्र में पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा।संभागीय संयुक्त संचालक, महिला एवं बाल विकास, उज्जैन संभाग ने बताया कि संभाग अंतर्गत कुल 3094 आंगनवाड़ी केन्द्र किराए के भवन में संचालित हैं। जिन्हें नवीन किराया दर अनुसार संचालित करने के लिए संभाग के सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों एवं परियोजना अधिकारियों, महिला एंव बाल विकास को निर्देशित किया गया है।

यहां उल्लेखनीय है कि आंगनवाड़ी केन्द्र नगर निगम क्षेत्र में होने पर 6 हजार रुपए प्रतिमाह, नगर पालिका क्षेत्र में होने पर रुपए 5 हजार प्रतिमाह, नगर पंचायत क्षेत्र में होने पर रुपए 4 हजार प्रतिमाह तथा ग्राम पंचायत/ग्राम क्षेत्र में होने पर रुपए 2 हजार प्रतिमाह अधिकतम किराये का प्रावधान किया गया है। नवीन किराया दर अनुसार आंगनवाड़ी केन्द्र संचालन से जहां बच्चों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा, वहीं गर्भवती, धात्री व अन्य महिलाओं के लिए भी आंगनवाड़ी केन्द्र में पर्याप्त स्थान मिल पाएगा, जिससे विभिन्न गतिविधियों होना संभव हो सकेगा।

संयुक्‍त संचालक ने चेतावनी दी कि 25 दिसंबर 2025 तक नए मापदंड अनुसार किराए के भवन में आंगनवाड़ी केंद्र संचालित नही किए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।

Back to top button