टोंकखुर्द बार एसोसिएशन में सर्वसम्मति की परंपरा बरकरार, पदम सिंह उदाना बने अध्यक्ष
जगदीश चंद्र लाठिया सचिव निर्वाचित, सभी पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए

टोंकखुर्द (विजेंद्रसिंह ठाकुर)। टोंकखुर्द अधिवक्ता संघ के द्विवार्षिक चुनाव सोमवार को सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। खास बात यह रही कि इस बार भी संघ की वर्षों पुरानी सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचन की परंपरा कायम रही और सभी पदाधिकारी बिना किसी मुकाबले के निर्वाचित घोषित किए गए।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत पदम सिंह उदाना को अध्यक्ष, अंतर सिंह खरवाड़िया को उपाध्यक्ष, छाया गोदेन को महिला उपाध्यक्ष, जगदीश चंद्र लाठिया को सचिव, आशीष भंडारी को सह सचिव, विनीता शर्मा को कोषाध्यक्ष तथा शशिकांत शर्मा को पुस्तकालय सचिव निर्विरोध निर्वाचित किया गया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद न्यायालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का न्यायाधीश, अधिवक्ताओं तथा न्यायालयीन स्टाफ ने पुष्पमालाएं पहनाकर एवं शुभकामनाएं देकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर सभी ने नई कार्यकारिणी से अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, न्यायिक व्यवस्था के सहयोग तथा बार की गरिमा को और अधिक सुदृढ़ बनाने की अपेक्षा व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि टोंकखुर्द बार एसोसिएशन की स्थापना वर्ष 1989 में हुई थी। तब से लेकर आज तक संघ में कभी भी चुनावी मुकाबला नहीं हुआ। प्रत्येक कार्यकाल में सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया जाता रहा है। इस बार भी अधिवक्ताओं ने आपसी एकता, भाईचारे और लोकतांत्रिक सहमति का परिचय देते हुए सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन कराकर इस गौरवशाली परंपरा को निरंतर बनाए रखा।




