इंदौर और देवास में बिजली सेवाओं का औचक निरीक्षण, एमडी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बिजली आपूर्ति, नए कनेक्शन, सीएम हेल्पलाइन और उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निराकरण पर रहा फोकस

इंदौर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने इंदौर एवं देवास जिले का भ्रमण कर बिजली सेवाओं संबंध में जानकारी ली।
शुक्रवार को श्री सिंह ने इंदौर ग्रामीण वृत्त अंतर्गत दूधिया बिजली वितरण केंद्र एवं 33/11 केवी सब स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने बिजली आपूर्ति की अवधि, अटल गृह ज्योति योजना, नए कनेक्शन, लोक सेवा गारंटी से जुड़े आवेदन, शिकायत निवारण इत्यादि विषयों पर विस्तार से जानकारी ली। श्री सिंह ने शासन के नियमानुसार समय पर कार्य के लिए निर्देशित किया। श्री सिंह ने देवास जिले के डबलचौकी पहुंचकर बिजली सेवाओं को लेकर जानकारी ली।
इस दौरान अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक संजय मालवीय, केतन रायपुरिया, अमरेश सेठ इत्यादि मौजूद रहे। मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश सिंह चौहान ने विभिन्न कार्यालय का निरीक्षण कर समय पर कार्य के लिए चेताया।
श्री चौहान ने सीएम हेल्प लाइन के प्रकरणों का समय पर समाधान करने, जनसुनवाई प्रकरणों से सतत समीक्षा एवं नियमानुसार कार्य, अटल गृह ज्योति योजना, अटल किसान ज्योति योजना, उपभोक्ता शिकायत निवारण के प्रति गंभीरता बरतने के निर्देश दिए हैं।




