‘बूझो, जानो, फिर देखो अपना प्रदेश’ : देवास में पर्यटन क्विज का रोमांच, 450 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
109 टीमों के बीच कड़ा मुकाबला, विजेता टीमों को मिलेगा मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड का आकर्षक भ्रमण पैकेज

देवास। मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन धरोहरों को विद्यार्थियों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज प्रतियोगिता में शुक्रवार को उत्साह और ज्ञान का अनूठा संगम देखने को मिला।
स्थानीय श्री नारायण विद्या मंदिर शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, देवास में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिलेभर के 109 विद्यालयों की लगभग 109 टीमों के 450 विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रतियोगिता का आयोजन “बूझो, जानो, फिर देखो अपना प्रदेश” थीम पर किया गया। प्रतियोगिता दो चरणों में संपन्न हुई। पहले चरण में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लिखित परीक्षा आयोजित की गई। इसके बाद चयनित टीमों ने दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित मल्टीमीडिया क्विज में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लिखित परीक्षा में सफल रही शीर्ष छह टीमों ने ऑडियो-वीडियो राउंड में हिस्सा लिया, जिसने प्रतियोगिता को और भी रोमांचक बना दिया।
मल्टीमीडिया क्विज का शुभारंभ योजना अधिकारी शिक्षा विभाग दिनेश चौधरी ने किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों, इतिहास, संस्कृति और विरासत से जुड़े सवालों के सटीक उत्तर देकर अपनी उत्कृष्ट तैयारी का परिचय दिया।

विजेता टीमों को मिलेगा पर्यटन भ्रमण का अवसर
प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से तीन दिन एवं दो रात का भ्रमण पैकेज प्रदान किया जाएगा। वहीं चौथे से छठे स्थान तक रहने वाली टीमों को दो दिन एवं एक रात का भ्रमण पैकेज मिलेगा। इस पैकेज में परिवहन, भोजन, स्वल्पाहार, रात्रि विश्राम तथा पर्यटन संबंधी सभी व्यवस्थाएं पर्यटन बोर्ड द्वारा की जाएंगी।
ये रहे विजेता
प्रथम: सरस्वती बाल विनय मंदिर, देवास
द्वितीय: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कलवार
तृतीय: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिरोलिया
चतुर्थ: महारानी चिमनाबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देवास
पंचम: शासकीय विद्यालय, सिरोलिया
षष्ठम: उत्कृष्ट विद्यालय, देवास
जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन, जिला शिक्षा अधिकारी राजीव सूर्यवंशी के मार्गदर्शन तथा जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की प्रभारी अधिकारी स्मिता रावल के सहयोग से संपन्न हुआ। क्विज मास्टर लोकेश साँवलिया ने अपने रोचक अंदाज में मल्टीमीडिया क्विज का संचालन कर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, एमआईसी सदस्य गणेश पटेल तथा नोडल अधिकारी नरेश मिश्रा सहित कई अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत संस्था के प्राचार्य राधेश्याम सोलंकी, विशाल दोहरे एवं सहज सरकार ने तुलसी का पौधा भेंट कर किया।
कार्यक्रम का संचालन मिर्जा मुशाहिद बेग ने किया, जबकि अंत में अनुज जायसवाल ने आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।




