माहेश्वरी प्रतिभा प्रोत्साहन योजना का होगा विस्तार, 100 IAS बनाने का लक्ष्य: संदीप काबरा
देवास-सोनकच्छ बायपास पर हुआ स्वागत, छात्रवृत्ति, कोचिंग सहायता और छोटे व्यवसायियों के लिए ऋण सुविधा बढ़ाने की घोषणा

देवास। अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप काबरा ने कहा कि समाज के आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए माहेश्वरी प्रतिभा प्रोत्साहन योजना का और अधिक विस्तार किया जाएगा।
समाज के 100 युवाओं को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) जैसे प्रतिष्ठित पदों तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए छात्रवृत्ति, कोचिंग सहायता एवं अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
शनिवार देर रात्रि भोपाल से उज्जैन जाते समय देवास-सोनकच्छ बायपास पर अल्प प्रवास के दौरान कार्यकारी मंडल सदस्य नरेंद्र छापरवाल के नेतृत्व में उनका चुनरी ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर श्री छापरवाल ने महेश जयंती के अवसर पर आयोजित विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही जिले में संचालित विधवा महिला पेंशन योजना सहित समाजहित में चल रही विभिन्न गतिविधियों से भी उन्हें अवगत कराया।
स्वागत के बाद अपने उद्बोधन में काबरा ने कहा कि समाज की प्रगति का आधार शिक्षा है। आर्थिक अभाव के कारण किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए छात्रवृत्ति और कोचिंग सहायता योजनाओं को और व्यापक बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समाज के विभिन्न ट्रस्टों द्वारा छोटे व्यवसायियों को दी जा रही ऋण सुविधा का दायरा भी बढ़ाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार और व्यवसाय के लिए आर्थिक सहयोग मिल सके।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के पदाधिकारी, देवास जिला सभा एवं सोनकच्छ नगर इकाई के सदस्य तथा बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भरत तोतला ने किया, जबकि अंत में महिला संगठन की अध्यक्ष श्रीमती साधना छापरवाल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।



