क्राइम

बस स्टैंड से ई-रिक्शा में बैठाया, सुनसान इलाके में लूटा CCTV की नजर से बच नहीं सके आरोपी, तीन गिरफ्तार

Share

 

 

देवास। शहर में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न केवल वारदात का पर्दाफाश किया, बल्कि लूटा गया पूरा माल भी बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार 4-5 जून की दरमियानी रात शिवपुरी निवासी आनंद रघुवंशी देवास बस स्टैंड पर मौजूद थे। इसी दौरान तीन युवक उन्हें लाल रंग के ई-रिक्शा में बैठाकर दुर्गापुरा-सिया क्षेत्र में ले गए। वहां आरोपियों ने झूमा-झटकी कर उनके पास रखा पर्स छीन लिया, जिसमें 3,600 रुपए नकद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस रखा था।

पीड़ित की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

CCTV फुटेज बनी सबसे बड़ी गवाह
जांच के दौरान पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के विश्लेषण से घटना में प्रयुक्त लाल रंग के ई-रिक्शा की पहचान हुई। इसी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अरुण, संदीप और रवि को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर लूटी गई नगदी, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज सहित शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी
– अरुण हनोतिया (23), निवासी खातीखेड़ी बरखेड़ा, संदीप हनोतिया (21), निवासी खातीखेड़ी बरखेड़ा एवं रवि कुल्ला (18), निवासी ग्राम भजानिया, जिला शाजापुर।

टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा, उप निरीक्षक संजय वर्मा, प्रधान आरक्षक सुनील देथलिया, हेमंत डाबी, रवि गरोड़ा, वैभव, सुजीत, नवीन पटेल तथा साइबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक शिवप्रताप सिंह सेंगर एवं प्रधान आरक्षक सचिन चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत स्थापित सीसीटीवी कैमरे अपराधियों पर लगातार नजर रख रहे हैं, जिससे अपराधों के खुलासे में तेजी और सफलता मिल रही है।

Back to top button