
कन्नौद, खातेगांव, नेमावर समेत कई क्षेत्रों में दबिश, 70 लीटर कच्ची शराब और 4500 किलो महुआ लाहन बरामद
देवास। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में विभिन्न क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान विभाग ने 8 प्रकरण दर्ज कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब और महुआ लाहन जब्त किया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 4 लाख 83 हजार रुपये आंकी गई है।

कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, विक्रय और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान सहायक जिला आबकारी अधिकारी नीलेश पवार के नेतृत्व में कन्नौद, खातेगांव, दीपगांव, नेमावर और बाईजगवाड़ा सहित कई संदिग्ध स्थानों पर गश्त और दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 32(1) के तहत 8 प्रकरण दर्ज किए गए। टीम ने 70 लीटर हाथ भट्टी कच्ची मदिरा, 210 पाव देसी मदिरा, 24 बीयर और 4500 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 4 लाख 83 हजार रुपये है।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, पूजा गहलोत, राजश्री खन्ना, योगेंद्र सिंह, रोहित मुकाती, गोकुल प्रसाद मेघवाल, कैलाश जामोद, राजाराम रैकवार, दीपक धुरिया, आबकारी मुख्य आरक्षक राजेश जोशी, अरविंद जिनवाल, विकास गौतम, दीपक तटवाड़े, गोविंद, शंकरलाल परते, सुरेंद्र वर्षी तथा आबकारी आरक्षक निहाल खत्री, गीतेश पंडाग्रे, सनत ओझा और निकिता परमार शामिल रहे।



