,

पेकी के प्लाट पर मकान तोड़ा जाना निगम का अमानवीय कार्य

Posted by

कांग्रेस ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर की मुआवजे की मांग
देवास। नगर निगम द्वारा बिना सोचे समझे अनेक काम एवं कार्यवाही की जाती रही है। वहीं नगर निगम के अधिकारी जो काम नहीं कर सकते वह भी कर देते हैं। बाद में दोष काम कराने वाले के माथे माड़ देते हैं। इसी तरह का वाकिया गुरुवार को आवास नगर में देखने में आया। यहां एक पेकी के प्लाट पर निर्माणाधीन दिनेश शर्मा का मकान नगर निगम के द्वारा तोड़ दिया गया। जबकि मकान मालिक द्वारा कहा जा रहा है कि उसने नगर निगम में संपत्तिकर जमा की कार्यवाही की है। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी व प्रवक्ता सुधीर शर्मा ने नगर निगम की इस कार्यवाही को अमानवीय करार देते हुए कहा है कि एक ओर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान देवास में आकर सार्वजनिक रूप से बड़ी सभा में घोषणा की थी कि आज से पेकी के प्लॉट पर निर्माण किया जा सकेगा, लेकिन अमल नहीं हुआ। वर्ष 2022 के नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणापत्र में लोगों से वादा किया कि हम चुनाव जीतेंगे तो पेकी के प्लाट पर मकान बनाने की अनुमति देंगे। जिला शहर अध्यक्ष राजानी ने कहा कि झूठे वादे करके चुनाव जीतने के बाद 6 माह हो चुके हैं, आज तक नगर निगम में चुनी हुई भारतीय जनता पार्टी की परिषद ने पेकी के प्लाट को लेकर कोई अनुमति जारी नहीं की है। प्रधानमंत्री आएदिन कह रहे हैं कि देश में हर व्यक्ति के पास मकान होगा, बावजूद देवास नगर निगम एक गरीब व्यक्ति का मकान तोड़ देती है। सबसे बड़े आश्चर्य की बात यह है कि सांसद विधायक , महापौर इस घटना को लेकर पूरी तरह से मौन है। इस संदर्भ में कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह को पत्र लिखकर मांग की है कि जिस व्यक्ति का मकान तोड़ा गया है, उसे तत्काल ही 5 लाख की आर्थिक सहायता दी जाए एवं विधिवत रूप से पेकी के प्लाटों पर भवन बनाने की अनुमति भी जारी की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *