सतपुड़ा एकेडमी में बसंत पंचमी पर्व उत्साह से मनाया

– मां सरस्वती की हुई आराधना, 11 कुंडीय यज्ञ में बच्चों ने राष्ट्र कल्याण एवं सुख समृद्धि के लिए दी आहुति
देवास। मक्सी रोड स्थित सतपुड़ा एकेडमी में बसंतोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मां सरस्वती का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया और विद्यालय परिसर को रंगोली व अन्य साज-सज्जा से आकर्षक रूप से सजाया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों की उपस्थिति में पूरे विधि-विधान से आयोजन संपन्न हुआ।
बसंत पंचमी के इस पावन अवसर पर 11 यज्ञ कुंड बनाकर हवन किया गया, जिसमें पंडित नितिन अवस्थी एवं अन्य पंडितों के आचार्यत्व एवं मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहूतियां दी गईं। विद्यालय के छात्रों ने भी पूरे श्रद्धाभाव से यज्ञ में आहुति अर्पित की और माता सरस्वती से विद्या, बुद्धि व ज्ञान की कामना की। इस दौरान विद्यालय में भक्तिमय माहौल बना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वैभव विहार शिक्षा समिति के अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि बसंत पंचमी का पर्व ज्ञान, विद्या और संगीत की देवी मां सरस्वती की आराधना का पर्व है। यह न केवल शिक्षा के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह हमारी संस्कृति और परंपरा को भी मजबूत करता है। उन्होंने बच्चों को परिश्रम और समर्पण से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। सैंधव ने बच्चों से राष्ट्र कल्याण एवं राष्ट्र की सुख समृद्धि के लिए हवन में आहुति देने का आग्रह किया।

मीडिया प्रभारी दिनेश सांखला ने बताया कि विद्यालय के प्रांगण में बनाई गई रंगोलियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। हर ओर उल्लास और भक्तिभाव का वातावरण बना रहा। पूजन-अर्चन के साथ महाआरती की गई। मां सरस्वती तथा भारत माता के जयघोष से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित अतिथियों को प्रसाद वितरित किया गया। इस आयोजन में संस्था संचालक भानूप्रतापसिंह सेंधव, उपप्राचार्य रश्मि रघुवंशी, इंचार्ज मुकेश पाण्डे, पल्लवी भटनागर, समिति सदस्य हरिसिंह सेंधव सहित विद्यालय परिवार, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




