क्षिप्रा ब्रिज पर कर रहे थे हंगामा, पुलिस ने चार बदमाशों को दबोचा

देवास। शहर में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे चार शोरगुल मचाने वाले बदमाशों को पुलिस ने मौके पर दबोच लिया। घटनास्थल पर हंगामे के कारण तनाव का माहौल बन गया था, जिसे पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर शांत कराया।
पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा शहर में अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीरसिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में असामाजिक तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गत दिवस सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति क्षिप्रा ब्रिज पर जोर-जोर से चिल्ला रहे हैं और आपसी विवाद कर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहे हैं। तत्काल थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र मय फोर्स के घटना स्थल पहुंचे एवं देखा कि शकील पिता शंकर उम्र 20 वर्ष निवासी सेवला सराई ग्वालिया रोड आगरा (उप्र), शंकर पिता रमजु मिरासी उम्र 50 वर्ष निवासी सेवला सराई ग्वालिया रोड आगरा एवं सत्तार पिता रमजान उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम लकेशरा जयपुर (राजस्थान) व यूसुफ पिता बाबू मिरासी उम्र 33 वर्ष निवासी आवास कॉलोनी कोटा (राजस्थान) चारों व्यक्ति मौके पर जोर-जोर से चिल्ला-चोट कर क्षेत्र में शांति भंग कर रहे थे।
चारों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर धारा 170 बीएनएसएस 2023 के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय देवास में पेश किया गया। देवास पुलिस की चेतावनी- देवास पुलिस द्वारा शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और दोषियों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सराहनीय कार्य- उक्त कार्य में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र शशिकांत चौरसिया, प्रआर लेखराज, आर गोविंद चौहान, अजय जाट की सराहनीय भूमिका रही।




