कलेक्टर नेहा मीना ने किया शासकीय विमुक्त जाति बालक आश्रम का निरीक्षण
लापरवाही पर बालक आश्रम अधीक्षक, तीन शिक्षकों एवं जनशिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

देवास। कलेक्टर नेहा मीना ने शासकीय विमुक्त जाति बालक आश्रम, धानीघाटी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान बालक आश्रम के अधीक्षक बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार तीन शिक्षक अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बालक आश्रम में निरीक्षण के दौरान मात्र 10 बच्चे उपस्थित पाए जाने पर संबंधित जनशिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती मीना ने छात्रावास की खिड़कियों की जालियों की मरम्मत कराने तथा परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए छात्रावास में प्रवेश के लिए पात्र बच्चों के चिन्हांकन के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र बच्चों को छात्रावास की सुविधा का लाभ मिल सके। इस दौरान अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।




