कार्तिक पूर्णिमा पर क्षिप्रा घाट दीपों से हुआ रोशन, श्रद्धालुओं ने किया दीपदान
प्राचीन कुंड में बोरिंग के पानी से स्नान और दीपदान की व्यवस्था, हजारों श्रद्धालुओं ने की मां क्षिप्रा की पूजा-अर्चना

देवास। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर ग्राम क्षिप्रा स्थित मां क्षिप्रा नदी के प्राचीन कुंड एवं घाट पर दीपदान का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने नदी में दीप प्रवाहित कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।

मां क्षिप्रा नदी बचाओ फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश बराना प्रजापति ने बताया कि इस वर्ष नदी में पानी कम होने के कारण श्रद्धालुओं को स्नान और दीपदान में परेशानी न हो, इसके लिए ग्राम पंचायत क्षिप्रा सुकल्या के सरपंच की ओर से विशेष व्यवस्था की गई। मां क्षिप्रा के प्राचीन कुंड में बोरिंग के पानी की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं के लिए स्नान और दीपदान की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शाम होते ही देवास, इंदौर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान के बाद फूल, अक्षत और दीपक से मां क्षिप्रा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद हजारों दीपक नदी में प्रवाहित किए गए। दीपों की रोशनी से घाट का नजारा बेहद आकर्षक हो गया। ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो नदी की लहरों पर तारों की माला सज गई हो।
दीपदान के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालु मां क्षिप्रा से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना करते नजर आए। इस दौरान पूरे घाट पर हर-हर महादेव और जय मां क्षिप्रा के जयघोष गूंजते रहे।



