देवासप्रशासनिक

दीपावली से पहले 550 किलो नकली मावे की मिठाई जब्त

न्यू स्वदेशी स्वीट्स पर प्रशासन का छापा, गोदाम सील; दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी

Share

 

रक्षाबंधन पर भी इसी दुकान से जब्त किया था प्रतिबंधित एनालॉग मावा

देवास। दीपावली का त्योहार करीब है और बाजारों में मिठाइयों की मांग तेजी से बढ़ रही है। प्रशासन मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार छापेमारी कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद मिलावट का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा। देवास में गुरुवार को नयापुरा चौक स्थित दुकान पर कार्रवाई की गई। प्रशासनिक टीम ने दुकान से प्रतिबंधित एनालॉग मावे से तैयार की गई करीब 550 किलो मिठाई जब्त की और गोदाम को सील कर दिया। यह वही दुकान है, जहां से रक्षाबंधन पर्व के दौरान भी एनालॉग मावा और मिठाई जब्त हुई थी।

दीपावली पर्व को देखते हुए प्रशासन और खाद्य विभाग की टीमें मिठाई की दुकानों पर लगातार जांच कर रही हैं। इसी अभियान के तहत गुरुवार को नयापुरा चौक स्थित न्यू स्वदेशी स्वीट्स पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान यहां प्रतिबंधित एनालॉग मावे से तैयार की गई करीब 550 किलो मिठाई मिली। टीम ने तत्काल मिठाई जब्त कर गोदाम को सील कर दिया। नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर और औषधि एवं खाद्य सुरक्षा प्रशासन की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। नायब तहसीलदार ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान भी यहां से प्रतिबंधित मावा जब्त किया गया था। दुकान का लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा। नापतौल विभाग ने यहीं से अनियमितता के चलते इलेक्ट्रॉनिक तौलकांटा भी जब्त किया है।

Back to top button