इंदौर

दीपावली पर 183 बिजली कार्मिकों को उच्च वेतनमान का तोहफा

Share

 

इंदौर। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने 183 कार्मिकों को दीपावली पर्व के मौके पर पात्रतानुसार उच्च वेतनमान का तोहफा दिया है।

मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश सिंह चौहान ने बताया कि प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने सेवा में तय समयावधि पूर्ण होने पर नियमानुसार देय उक्त नया उच्च वेतनमान मंजूर किया हैं। जिन कार्मिकों को नया वेतनमान मंजूर किया गया है, उनमें सहायक अभियंताओं को कार्यपालन अभियंता, उप संचालक वित्त को संयुक्त संचालक वित्त, कार्यपालन अभियंता को अधीक्षण अभियंता, कनिष्ठ अभियंताओं को लंबी सेवा अवधि होने पर कार्यपालन अभियंताओं का, कनिष्ठ अभियंताओं को सहायक अभियंता का, सहायक श्रेणी वर्ग 2 को अनुभाग अधिकारी का, सहायक श्रेणी वर्ग दो को 35 वर्ष अवधि पूर्ण होने पर लेखाधिकारी का, वरिष्ठ लाइनमैन को सुपरवाइजर का, परीक्षण सहायक को 35 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण होने पर कनिष्ठ यंत्री, वरिष्ठ परीक्षण सहायक को वरिष्ठ सब स्टेशन सुपरवाइजर शामिल है।

अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक संजय मालवीय ने बताया कि नए आदेश से प्रत्येक कार्मिक को करीब दो हजार से लेकर 10 हजार तक का वेतन बढ़ा हुआ मिलेगा, पात्रतानुसार दिए गए नए वेतनमान को लेकर पिछले प्रभावी माह से देय राशि के एरियर का भी भुगतान होगा।

Back to top button