क्राइम

लकड़ी बेचने के मामले में 2 लाख की रिश्वत मांगी, 20 हजार लेते डिप्टी रेंजर गिरफ्तार

लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने जावरा में की कार्रवाई, शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया था ट्रैप

Share

 

उज्जैन। रतलाम जिले के जावरा में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक डिप्टी रेंजर को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है।

उसने खेत में रखी जलाऊ लकड़ी बेचने के मामले में कार्रवाई का डर दिखाकर फरियादी से 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर 30 अक्टूबर को उसे पकड़ लिया।

पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त भोपाल योगेश देशमुख के निर्देशन में, पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व एवं पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन विनोद कुमार दीक्षित के भ्रष्टाचार पर लगातार कार्रवाई करने के निर्देश के अनुक्रम में 30 अक्टूबर को कमलसिंह देवड़ा, डिप्टी रेंजर, उप वन मंडल जावरा, जिला रतलाम को 20,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया।

29 अक्टूबर को आवेदक रहीश खां पिता अमीर शाह, निवासी ग्राम शक्करखेड़ी, तहसील पिपलोदा, जिला रतलाम ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन को लिखित शिकायत की थी कि उसके द्वारा अपने खेत में रखी जलाऊ लकड़ी अशफ़ाक़ खान को बेची गई थी, जिस संबंध में आवेदक को केस बनाने की धमकी देकर 2,00,000 रुपए की रिश्वत की मांग की गई, आवेदक के निवेदन पर 65,000 रुपए लेने के लिए सहमत हो गया।

शिकायत की सत्यता की जांच उप पुलिस अधीक्षक दिनेशचंद्र पटेल, लोकायुक्त उज्जैन के द्वारा कराई जाने पर शिकायत सही पाई गई। रिश्वत मांग वार्ता के सत्यापन उपरांत ट्रैप दल का गठन कर आरोपी कमल देवड़ा डिप्टी रेंजर को आवेदक से रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया।
ट्रैप कार्रवाई में डीएसपी दिनेशचंद पटेल,
निरीक्षक हिना डाबर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक शिव कुमार शर्मा, श्याम शर्मा, मोहम्मद इसरार, उमेश जाटव सहित 10 सदस्यों की टीम शामिल रहीl

लोकायुक्त संगठन द्वारा लगातार भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। आमजन से अपील है कि यदि कोई लोकसेवक अधिकारी, कर्मचारी किसी शासकीय कार्य को करने हेतु रिश्वत की मांग करता है, तो लोकायुक्त उज्जैन को शासकीय दूरभाष 0734-2512756 पर सम्पर्क कर सकता है।

 

Back to top button