इंदौर

स्मार्ट मीटरों ने एक माह में दिलाई 18 करोड़ रुपए की रियायत

सबसे ज्यादा इंदौर शहर में 6.63 लाख उपभोक्ताओं को 8.50 करोड़ की छूट

Share

 

इंदौर। शासन की महत्वपूर्ण स्मार्ट मीटर परियोजना का पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर द्वारा प्रभावी क्रियान्वयन कर सभी पात्र उपभोक्ताओं को लाभान्वित किया जा रहा है।

पिछले एक माह में समार्ट मीटरों ने सौर ऊर्जा अवधि यानि सुबह 9 से शाम 5 तक की गई खपत की पृथक गणना कर मालवा निमाड़ के स्मार्ट मीटरीकृत बिजली उपभोक्ताओं को अठारह करोड़ रूपए से ज्य़ादा की टीओडी छूट दिलाई है। सबसे ज्यादा इंदौर शहर के 6.63 लाख बिजली उपभोक्ताओं को आठ करोड़ पचास लाख रूपए की टीओडी छूट दी गई है।

मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि टाईम ऑफ द डे यानि दिन विशेष में समय विशेष में की गई खपत की स्मार्ट मीटर पृथक गणना करते हैं। सौर ऊर्जा अवधि में मप्र विद्युत नियामक आयोग द्वारा मंजूर ऊर्जा प्रभार में बीस प्रतिशत की छूट कंपनी द्वारा स्मार्ट मीटरीकृत उपभोक्ताओं को दी जा रही है।

श्री सिंह ने बताया कि सितंबर माह के बिलों में कंपनी क्षेत्र के पंद्रह लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं को रियायत दी गई हैं, यह रियायत अठारह करोड़ छब्बीस लाख रूपए की हैं। सबसे ज्यादा इंदौर शहर के 6.63 लाख बिजली उपभोक्ताओं को साढ़े आठ करोड़ की टीओडी छूट प्रदान की गई है।

प्रबंध निदेशक श्री सिंह ने बताया कि उज्जैन जिले के 1.35 लाख उपभोक्ताओं को 1.62 करोड़ रूपए की रतलाम जिले के 1.18 लाख उपभोक्ताओं को 1.11 करोड़ रूपए की, देवास जिले के 79 हजार उपभोक्ताओं को 78 लाख की, खंडवा जिले के 66 हजार उपभोक्ताओं को 57 लाख रूपए की, बुरहानपुर जिले के 64 हजार उपभोक्ताओं को 70 लाख की, बडव़ानी जिले के 57 हजार उपभोक्ताओं को 47 लाख रूपए की टीओडी छूट प्रदान की गई है। अन्य जिलों में भी स्मार्ट मीटरीकृत बिजली उपभोक्ताओं को नियमानुसार, पात्रतानुसार टीओडी छूट दी गई है।

प्रबंध निदेशक श्री सिंह ने बताया कि शासन का टीओडी छूट का उद्देश्य सौर ऊर्जा अवधि में अधिकतम बिजली का उपयोग किए जाने का आह्वान हैं, ताकि कोयले, पानी की बिजली अपेक्षाकृत कम तैयार करना पड़े। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने से कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने पर भी प्रभावी रूप से कार्य हो रहा हैं।

Back to top button