क्राइम

चाकू की नोक पर प्याज से भरा ट्रक लूटा, टोंकखुर्द पुलिस ने 7 आरोपियों को दबोचा

चालक-क्लीनर से मारपीट कर नकदी और मोबाइल भी छीने, ढाबे के पीछे टापरी में छिपाकर रखी थी प्याज; करीब 30 लाख का माल बरामद

Share

 

 

टोंकखुर्द (विजेंद्रसिंह ठाकुर)। मक्सी रोड पर सड़क पिपल्या के पास रात के अंधेरे में प्याज से भरे ट्रक के बंद होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने चालक और क्लीनर को निशाना बनाया।

सफेद कार में पहुंचे बदमाशों ने चाकू की नोक पर उन्हें बंधक बनाया, मारपीट की और नकदी-मोबाइल छीनने के बाद 265 कट्टे प्याज से भरा ट्रक लेकर फरार हो गए। हालांकि, वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटा गया प्याज, ट्रक, नकदी, मोबाइल, जीपीएस उपकरण, वारदात में इस्तेमाल कार और चाकू सहित करीब 30 लाख रुपये का मश्रुका बरामद किया है।

ट्रक बंद हुआ तो बदमाशों ने बोला धावा-
पुलिस के मुताबिक, फरियादी ओमप्रकाश श्रीवास निवासी जिला भिंड ने थाना टोंकखुर्द में शिकायत दर्ज कराई थी। वह इंदौर की चोइथराम सब्जी मंडी से प्याज के 265 कट्टे ट्रक में भरकर उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जा रहे थे। रास्ते में मक्सी रोड पर सड़क पिपल्या के पास रात करीब 1:30 बजे ट्रक बंद हो गया।

इसी दौरान सफेद कार में सवार पांच युवक वहां पहुंचे और चालक-क्लीनर के साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने उनसे 1,500 रुपये और मोबाइल फोन छीन लिए, फिर प्याज से भरा ट्रक लेकर भाग निकले। बाद में ट्रक देवास बायपास पर छोड़कर आरोपी फरार हो गए।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, पांच आरोपी पकड़े-
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक हितेश पाटील के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी सफेद कार के साथ मक्सी-उज्जैन रोड के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आदिल उर्फ मस्तान खां, फरहान कुरैशी, अभिषेक दांगी, अभय यादव और कृष्णा भाटी को अभिरक्षा में लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। उन्होंने पुलिस को बताया कि लूटा गया प्याज इंदौर-धार रोड पर स्थित कालेक व्यू ढाबे के पीछे एक टापरी में छिपाकर रखा गया था। इस काम में उनके दो अन्य साथी अर्पित तंवर निवासी ग्राम गवला मांचल, थाना पीथमपुर, जिला इंदौर और आरिफ उर्फ आरु खान निवासी ग्राम मगरखेड़ा, थाना बाणगंगा, इंदौर भी शामिल थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया प्याज, घटना में प्रयुक्त कार, धारदार चाकू, फरियादी का मोबाइल फोन और लूटी गई नकदी सहित अन्य सामान बरामद किया। पुलिस के अनुसार, बरामद मश्रुके की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये है। मामले में सात आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।

सराहनीय कार्य- उक्त सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी टोंकखुर्द निरीक्षक हितेश पाटिल, उनि लोकेश कुशवाह, अरुण पीपल्दे, सउनि नितिनसिंह, प्रआर यशवन्तसिंह, राजेश कडोदिया, आर रमन मिश्रा, शंकर पटेल, जोजनसिंह, रविन्द्र जावरिया, भुनेश पाठक, सुभाष, सैनिक धर्मेन्द्र एवं उनि मलखानसिंह भाटी (नारकोटिक्स विंग इन्दौर) की सराहनीय भूमिका रही।

Back to top button