किसान धर्मेंद्रसिंह राजपूत को मिला सम्मान

– आलू की खेती में नवाचार और उत्पादन बढ़ाने के वैज्ञानिक तरीकों की दी जानकारी
देवास। कृषि क्षेत्र में नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और किसानों को जागरूक करने के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए मुख्यमंत्री से सम्मानित किसान धर्मेंद्रसिंह राजपूत को इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
आलू की खेती, उत्पादन बढ़ाने और इसके प्रचार-प्रसार को लेकर आयोजित कार्यक्रम में राजपूत को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर विनीत जैन (प्रबंध निदेशक), प्रमोद कुमार पांडे, साक्षी जैन (प्रमुख डिजिटल मार्केटिंग) और गिरिराज कुशवाह (एग्रोनोमिस्ट) ने राजपूत का सम्मान किया। धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने किसानों को आलू की बोवनी से पहले मिट्टी परीक्षण और बीजोपचार कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इससे फसल का उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलती है और आलू की फसल में बीमारियों का प्रकोप कम किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि आलू की खेती में स्प्रिंकलर और टपक सिंचाई पद्धति उपयोगी है। इन सिंचाई तकनीकों से पानी की बचत के साथ फसल को आवश्यकतानुसार सिंचाई उपलब्ध कराई जा सकती है। उन्होंने किसानों से संतुलित मात्रा में खाद का उपयोग करने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान नवांकुर सखी विमल नागर, निशा यादव, माया नागर, निशा धाकड़ और लाखनसिंह राजपूत का भी सम्मान किया गया।




