क्राइम

अंधे कत्ल का महज 72 घंटे में खुलासा, थाना कांटाफोड़ पुलिस की कार्रवाई

- मृत्यु संदिग्ध होने पर सूक्ष्मता से जांच कर हत्या का किया खुलासा, आपसी रंजिश के चलते की थी युवक की हत्या

Share

– परिस्थितिजन्य, भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

– हत्या की वारदात में शामिल 3 आरोपी गिरफ्तार

देवास। जिले के कांटाफोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम इकलेरा में 50 वर्षीय कमल चौहान की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने परिस्थितिजन्य, भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाई। आपसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने सुरमान्या के घने जंगलों से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा गंभीर एवं जघन्य अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं प्रकरण का शीघ्र खुलासा करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में 27 अगस्त को दोपहर 12:27 बजे बद्रीप्रसाद चौहान, निवासी ग्राम इकलेरा की सूचना पर थाना कांटाफोड़ में मर्ग कायम कर जांच में लिया गया।

जांच के दौरान मृतक की पहचान कमल पिता बाबूलाल चौहान उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम इकलेरा थाना कांटाफोड़ के रूप में हुई, जिसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। मृतक की मृत्यु संदिग्ध होने पर पुलिस द्वारा प्रकरण की बारीकी से जांच की गई। घटनास्थल पर तकनीकी टीमों को बुलाकर निरीक्षण कराया गया तथा घटनास्थल से प्राप्त परिस्थितिजन्य एवं भौतिक साक्ष्य तथा साक्षीगण एवं परिजनों के कथनों के आधार पर मामला हत्या का पाया गया। इस पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना कांटाफोड़ में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बागली संजयसिंह बैस के निर्देशन में थाना प्रभारी कांटाफोड़ निरीक्षक कैलाशचंद्र चौहान के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु दो अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास करते हुए साक्ष्यों के आधार पर सुरमान्या के घने जंगलों में दबिश देकर आरोपी किशन पिता हजारीलाल उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम इकलेरा, बुदन पिता भागीरथ डावर उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम सुतारीपुरा थाना उदयनगर, पेलात उर्फ प्रहलाद पिता भागीरथ डावर उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम सुतारीपुर थाना उदयनगर को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

आरोपियों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ करने पर उनके द्वारा घटना करना स्वीकार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी किशन ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर आपसी रंजिश के चलते कमल की हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपी –

1. किशन पिता हजारीलाल उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम इकलेरा थाना कांटाफोड़।

2. बुदन पिता भागीरथ डावर उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम सुतारीपुरा थाना उदयनगर।

3. पेलात उर्फ प्रहलाद पिता भागीरथ डावर उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम सुतारीपुरा थाना उदयनगर।

सराहनीय योगदान- कार्रवाई में थाना प्रभारी कांटाफोड़ निरीक्षक कैलाशचंद्र चौहान, उप निरीक्षक राजेश बारेला, विनयसिंह बघेल, बीएस भिलाला, प्रधान आरक्षक रामवीरसिंह सोलंकी, यतीश तिवारी, ओमप्रकाश पाटीदार, अशोक शर्मा, मोहनसिंह बघेल, आरक्षक दिनेश भाबर, प्रकाश सोलंकी, रोहित गुर्जर, जयदेव सराठे, संजयसिंह, दुर्गेश, महिला आरक्षक प्रियंका, रेखा, सिमरन, सैनिक बाबूलाल देवड़ा, अर्जुन एवं सायबर सेल टीम से प्रधान आरक्षक सचिन चौहान एवं युवराज का सराहनीय योगदान रहा।

Back to top button