
– अंडरपास में वर्षा जल भरे होने के बावजूद बैरिकेड हटाकर स्कूल वैन को निकालकर विद्यार्थियों की जान जोखिम में डालने संबंधी प्रकरण पर मुख्यमंत्री ने लापरवाही बरतने वालों पर जिला प्रशासन एवं पुलिस को त्वरित एवं सख्त कार्यवाही के दिए निर्देश।
– मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता।
– पुलिस ने मैजिक वाहन चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर किया गिरफ्तार, वाहन जब्त, स्कूल संचालक के विरुद्ध भी पृथक से प्रकरण दर्ज
देवास। मंगलवार को प्रातः सिटी कॉन्वेंट स्कूल, राजाराम नगर के छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन विद्यालय छोड़ने वाले मेजिक वाहन चालक द्वारा गंभीर लापरवाही एवं नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा प्रकरण का संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिसके अनुपालन में देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा लापरवाही बरतने वाले मैजिक चालक एवं स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
घटना के अनुसार सिविल लाइन क्षेत्र स्थित रेलवे अंडर ब्रिज में अत्यधिक वर्षा के कारण पानी भर गया था। सुरक्षा की दृष्टि से जिला पुलिस द्वारा अंडर ब्रिज के दोनों ओर स्टॉपर लगाकर आवागमन पूर्णतः बंद किया गया था। इसके बावजूद मेजिक चालक द्वारा जानबूझकर पुलिस द्वारा लगाए गए स्टॉपर को हटाकर वाहन को अंडर ब्रिज में प्रवेश कराया गया। पानी अधिक होने के कारण मेजिक वाहन बंद हो गया। स्थिति की गंभीरता के बावजूद चालक द्वारा स्कूली बच्चों को वाहन में ही छोड़कर मौके से चले जाना अत्यंत लापरवाहीपूर्ण एवं गैर-जिम्मेदाराना कृत्य था।
सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय नागरिकों एवं डायल-112 में कार्यरत पुलिस बल व थाना सिविल लाइन के बल के द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर रस्सी की सहायता से मेजिक वाहन एवं उसमें सवार सभी स्कूली बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। चालक के विरुद्ध घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सिविल लाइन देवास में धारा 281, 285 बीएनएस एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 155/192(4), 122/177, 126/177, 184, 66/192A एवं अपराध क्रमांक 467/2026 में धारा 223 बीएनएस के तहत स्कूल संचालक के विरुद्ध भी प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
आरोपी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है एवं वाहन को जब्त किया गया है।यह उल्लेखनीय है कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) हरनारायण बाथम एवं देवास परिवहन विभाग की आरटीओ बरखा शुक्ला द्वारा समय-समय पर स्कूल प्रबंधकों की बैठक लेकर स्कूल वाहनों के संचालन एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे हैं। स्कूल प्रबंधन को वाहनों के चालकों का चरित्र सत्यापन, वाहन की वैधता एवं फिटनेस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों/जानकारियों के संबंध में प्रशासन को अवगत कराने हेतु निर्देशित किया गया था। इसके बावजूद संबंधित स्कूल प्रबंधन द्वारा आवश्यक जानकारी प्रशासन को उपलब्ध नहीं कराई गई थी ।
देवास पुलिस की स्कूल प्रबंधकों से अपील-
देवास पुलिस द्वारा समस्त स्कूल प्रबंधकों से अपील की जाती है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूल वाहनों के चालकों एवं अन्य कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन, वाहनों का फिटनेस एवं आवश्यक दस्तावेज पूर्ण कराकर शासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही स्कूल वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित करें कि किसी भी पुल, पुलिया, अंडर ब्रिज अथवा जलभराव वाले मार्ग पर पानी भरा होने की स्थिति में वाहन को उस मार्ग से न निकालें। बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता अथवा लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबर पढ़ें: पानी से लबालब अंडरब्रिज में स्कूली बच्चों से भरा मैजिक उतारा, बीच रास्ते बंद हुआ वाहन




