धर्म-अध्यात्म

श्रावण में उमड़ रहे श्रद्धालु, मंदिरों के आसपास सफाई का इंतजार

टोंकखुर्द के भगत सिंह चौराहे की पर खुले नाले और गाजर घास से बढ़ी परेशानी

Share

टोंकखुर्द (विजेंद्र सिंह ठाकुर)। नगर के भगत सिंह चौराहे पर स्थित सात मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र हैं। यहां प्रतिदिन नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है।

वर्तमान में श्रावण माह के चलते मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ गई है, लेकिन मंदिरों के आसपास सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मंदिरों के आसपास कई स्थानों पर गंदगी दिखाई दे रही है। स्थानीय श्रद्धालुओं का कहना है कि सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पंचायत के जिम्मेदारों को कई बार अवगत कराया गया है। इसके बावजूद नियमित सफाई नहीं होने से समस्या बनी हुई है। श्रद्धालुओं का कहना है कि श्रावण माह में मंदिरों में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, ऐसे में मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में बेहतर सफाई व्यवस्था होना जरूरी है।

मंदिर के सामने खुला नाला भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। बारिश शुरू होने के बाद नाले में घास उग आई है और गंदगी भी दिखाई दे रही है। नाले की समुचित सफाई नहीं होने से बारिश के दौरान जल निकासी को लेकर भी चिंता बनी हुई है। आसपास के लोगों का कहना है कि नाले की सफाई के साथ उसमें उगी घास को भी हटाया जाना चाहिए।

इसी क्षेत्र में स्थित शासकीय कन्या विद्यालय के मुख्य द्वार के आसपास भी गाजर घास उगी हुई है। विद्यालय आने-जाने वाली छात्राओं को इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मंदिर और विद्यालय दोनों ही महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल हैं, इसलिए इनके आसपास नियमित सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

श्रावण माह में मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए नगर के श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने मंदिरों के आसपास सफाई कराने, खुले नाले की सफाई करने तथा विद्यालय के गेट के आसपास उगी गाजर घास हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय पर सफाई होने से श्रद्धालुओं और विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी तथा बारिश के मौसम में गंदगी से होने वाली परेशानी से भी राहत मिल सकेगी।

सफाई के लिए संबंधित को कहा है-
स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि जीवन प्रजापति ने बताया कि मंदिर के आसपास सफाई करवाने के लिए संबंधित कर्मचारी को कहा गया है। जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी। नगर पंचायत सीएमओ राकेश वैध का कहना है कि नगर में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संबंधित स्थान की सफाई के लिए निर्देश दिए जा रहे हैं।

Back to top button