
देवास। शहर के व्यस्त उज्जैन तिराहे पर शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की जान चली गई, जबकि उनकी पांच वर्षीय पोती घायल हो गई। दोनों इंदौर से बस के जरिए देवास पहुंची थीं।
बस से उतरने के दौरान पीछे से आई दूसरी यात्री बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, इंदौर के सदर बाजार क्षेत्र निवासी निगार सुलताना (50) अपनी पांच वर्षीय पोती मरियम के साथ देवास आई थीं। शुक्रवार दोपहर उज्जैन रोड पेट्रोल पंप तिराहे पर बस से उतरते समय दूसरी यात्री बस की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को बस के नीचे से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद निगार सुलताना को मृत घोषित कर दिया, जबकि मासूम मरियम के पैर में चोट आई है। उसका उपचार जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दुर्घटना में महिला का मोबाइल फोन पूरी तरह टूट गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी अभिषेक यादव ने मोबाइल की सिम निकालकर अपने फोन में लगाई और संपर्क करने का प्रयास किया। पांच वर्षीय मरियम ने अपने पिता का मोबाइल नंबर याद से बताया। इसी नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर हादसे की सूचना दी।
हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
शहर में तेज रफ्तार बसों को लेकर फिर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई नागरिकों का कहना है कि शहर की सीमा के भीतर भी यात्री बसें तेज रफ्तार से दौड़ती हैं, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने मांग की है कि शहर के भीतर बसों की गति पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए और स्पीड गवर्नर भी लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लग सके।




