शिक्षा

प्रवेशोत्सव में प्रेरणादायक लघु नाटिका बनी आकर्षण का केंद्र

Share

शासकीय सांदीपनि स्कूल बालगढ़ में पुष्पवर्षा और तिलक से हुआ विद्यार्थियों का स्वागत

देवास। शहर में अपने नवाचारों और उत्कृष्ट शैक्षणिक गतिविधियों के कारण विशेष पहचान बना चुके शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालगढ़ में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण के बीच किया गया।

प्रवेशोत्सव के अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर एवं पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विद्यार्थियों के लिए आयोजित सभी गतिविधियों का संचालन और प्रस्तुति स्वयं शिक्षकों ने की। प्रेरणादायक लघु नाटिका ने बच्चों को शिक्षा, अनुशासन, समय प्रबंधन और संस्कारों का महत्व समझाया तथा सभी का ध्यान आकर्षित किया।

विद्यालय के प्राचार्य देवेन्द्र बंसल ने बताया कि शासन की महत्वाकांक्षी सांदीपनि विद्यालय योजना के अंतर्गत प्रवेशोत्सव के दूसरे चरण में विद्यालय को विशेष रूप से सजाया गया था। विद्यालय परिसर में आकर्षक रंगोली बनाई गई, वंदनवार सजाए गए तथा प्रवेश द्वार पर विद्यार्थियों से वेलकम साइन बोर्ड पर हस्ताक्षर करवाकर उनका अभिनंदन किया गया।

झंडावंदन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना सभा से हुई। इसमें सरस्वती वंदना, ईश प्रार्थना, प्रेरणागीत, राष्ट्रगीत, आज का पंचांग, सुविचार, समाचार वाचन, जन्मदिवस घोषणा और प्रतिज्ञा सहित विद्यालय की नियमित असेम्बली का जीवंत प्रदर्शन किया गया। इससे नवप्रवेशी विद्यार्थियों को विद्यालय की दैनिक गतिविधियों से परिचित कराया गया।

आयोजन का सबसे आकर्षक हिस्सा शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायक लघु नाटिका रही। नाटिका के माध्यम से बच्चों को नियमित विद्यालय आने, समय का सदुपयोग करने, अनुशासित जीवन अपनाने, व्यवहार कुशल बनने तथा सहयोग और टीम भावना विकसित करने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को योगाभ्यास भी करवाया गया तथा नवीन पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया।

अपने संबोधन में प्राचार्य देवेन्द्र बंसल ने कहा कि केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि एक आदर्श नागरिक बनने के लिए अनुशासन, नैतिक मूल्य, सामाजिक उत्तरदायित्व, सहयोग की भावना और कौशल विकास भी आवश्यक हैं। सांदीपनि विद्यालय परिवार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय पाटिल एवं प्रभारी उप प्राचार्य रविन्द्र नरवरे के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन का संयोजन डॉ. फैज अहमद जिलानी, सुनीता शर्मा, स्मृति शर्मा एवं श्वेता काकड़े ने किया।

इस अवसर पर विकास मोहने, योगेश राठौर, नेहा सिंह, किरण कोचले, माया चौहान, स्वालेहा खान, स्मिता कटारिया, प्रतिभा राठौर, रेखा दुबे, लक्ष्मी पाटीदार, भारती जायसवाल, दीक्षा दुबे, निशा नागर, मिथिलेश पाल, अनिल आर्य, अतुल कुमार शर्मा, आयुषी पंड्या, दिव्या नानकिया, कृष्णा अग्रवाल, रविशंकर गौतम, प्रतीक जोशी, अंकित चौहान, स्वाति वोरा, स्वाति अवारे, एच.एल. जाट, अंकिता सक्सेना, योगेन्द्र वर्मा, पल्लवी पंडित, पूजा भंवर सहित अन्य शिक्षकों ने मंच पर प्रार्थना सभा, प्रेरक प्रसंग, सामान्य ज्ञान क्विज और लघु नाटिका की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने अपने ग्रीष्मकालीन अवकाश के अनुभव साझा किए, वहीं विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों ने भी अपने छात्र जीवन की स्मृतियां और सफलता के अनुभव साझा कर नए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और नवाचार का अद्भुत समन्वय देखने को मिला, जिससे विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति अपनत्व और उत्सुकता का भाव विकसित हुआ।

 

Back to top button