पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक पेड़ मां के नाम के तहत पौधारोपण किया

सिरोल्या (अमर चौधरी)। जनपद पंचायत देवास द्वारा ग्राम पंचायत सिरोल्या में पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विश्व पर्यावरण दिवस पर कार्यक्रम चन्द्रवंशी खाती समाज धर्मशाला में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण को सहेजने और जल स्त्रोतों के संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण गतिविधियां की गई। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण अभियान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर विधायक मनोज चौधरी ने अपनी माताजी के नाम पर पौधा रोपित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़ न केवल हमें ऑक्सीजन देते हैं, बल्कि यह हमारी धरती मां और अपनी स्वयं की माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सबसे पवित्र माध्यम भी है। प्रकृति की रक्षा करना हमारा संकल्प है। पेड़ लगाना कर्म हमारा है उसे बचाना धर्म हमारा है।

इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी बड़े उत्साह के साथ फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण (ट्री-गार्ड लगाने और नियमित पानी देने) का संकल्प लिया।पानी की बूंद-बूंद को सहेजने और गिरते भूजल स्तर के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए ‘जल चेतना परिक्रमा’ (जागरूकता रैली) निकाली गई।
इस परिक्रमा में ग्रामीणजन, महिलाएं और युवा हाथों में जल कलश लेकर तलाव की परिक्रमा की यह परिक्रमा गांव के प्रमुख मार्गों और जल स्रोतों तालाब) के समीप से गुजरी, जहां लोगों को जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और वर्षा जल को रोकने (वाटर हार्वेस्टिंग) के लिए प्रेरित किया गया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक मनोज चौधरी थे। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शिवम चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश चौधरी, सरपंच मनीषा शेखर चौधरी, उपसरपंच राजेंद्र डियर, मुकेश चौधरी, वृंदावन चौधरी, कैलाश फौजी, डीईओ एवं डीपीसी अजय मिश्र, नोडल अधिकारी दिनेश चौधरी, नरेश मिश्रा, संकुल प्राचार्य, एसईओ श्याम सुंदरसिंह, जपं सीईओ हेमलता शर्मा, देवेंद्र नागर, पंचायत इंस्पेक्टर जगदीश मालवीय, सचिव साथी अमित चौधरी, रमेश मंडलोई, सुभाष चौधरी, अर्जुन देवड़ा एवं समस्त पंचगण एवं ग्रामीण उपस्थित थे। आभार ग्राम पंचायत सिरोल्या के सचिव भगवानसिंह चौधरी ने माना।




