देवास में जुटेंगे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता, संगठन विस्तार और निकाय चुनाव की रणनीति पर होगा मंथन

– महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों को लेकर निकलेगा पैदल मार्च
– पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर करेंगे मार्गदर्शन
देवास। आम आदमी पार्टी के उज्जैन जोन का राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन 31 मई को देवास के उज्जैन रोड स्थित सिंधु भवन ट्रस्ट में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में संगठन विस्तार, नए पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरण तथा आगामी नगरीय निकाय चुनावों की रणनीति को लेकर व्यापक मंथन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेशभर से कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।
सम्मेलन की शुरुआत से पहले सुबह 10 बजे भोपाल चौराहा स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। कार्यकर्ता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और मजदूरों के शोषण, चिकित्सा एवं शिक्षा व्यवस्था की बदहाल स्थिति जैसे जनहित के मुद्दों को लेकर पैदल मार्च निकालेंगे। रैली के रूप में सिंधु भवन ट्रस्ट पहुंचेंगे, जहां सम्मेलन का आयोजन होगा।
कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के मध्यप्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्रसिंह तोमर तथा प्रदेश सह प्रभारी विश्वेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। दोनों नेता कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन देंगे।
सम्मेलन की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सिंह ठाकुर एवं जिला अध्यक्ष डॉ. आरपी झाला करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश सह सचिव जाकिर खान, सलमान सदर, दीपक मालवीय, रवींद्र उपाध्याय, सादिक शेख सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपना तथा प्रदेश में जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए कार्ययोजना तैयार करना है। साथ ही आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों और रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।




