क्राइम

बेकाबू कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

Share

 

देवास (ओमप्रकाश सेन)। जिले के शिप्रा से उज्जैन रोड को जाने वाले रास्ते पर शनिवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित रहवासियों ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध जताया।

जानकारी के अनुसार, नायता पुवालडा निवासी अंसार पिता नूर हुसैन पटेल (45 वर्ष), हैदर पिता जब्बार पटेल (35 वर्ष) एवं इरफान पिता जाकिर पटेल (30 वर्ष) एक बाइक पर सवार होकर इंदौर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रूपाखेड़ी रेलवे ब्रिज पर सड़क की दूसरी ओर से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि हैदर उछलकर ब्रिज से नीचे जा गिरा।

हादसा इतना भीषण था कि अंसार और हैदर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इरफान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजे गए।

बताया जा रहा है कि मृतक हैदर अपने पीछे दो छोटे बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों में शोक की लहर है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी यातायात एचएन बाथम, सीएसपी सुमित अग्रवाल एवं यातायात थाना प्रभारी पवन बागड़ी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटाकर यातायात सुचारू कराया।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक मनोज चौधरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने रहवासियों और पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर मार्ग के उबड़-खाबड़ हिस्सों को व्यवस्थित करने तथा सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Back to top button