क्राइम

ऑपरेशन प्रहार में देवास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से पकड़ी गई 126 लीटर अवैध शराब

Share

 

मुखबिर की सटीक सूचना पर रात में दबिश, 3.5 लाख का माल जब्त

देवास। जिलेभर में संगठित अपराध और अवैध कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 126 लीटर अवैध देशी शराब और एक कार जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 3.5 लाख रुपए का माल बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीरसिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में अंजाम दिया गया। थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में थाना औद्योगिक क्षेत्र एवं थाना बरोठा पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस को 22-23 मई की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि टाटा कंपनी के सामने खड़ी एक कार की डिक्की में अवैध शराब भरी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 14 पेटी यानी करीब 126 लीटर अवैध देशी शराब बरामद हुई।

मौके से पुलिस ने आरोपी श्याम योगी उम्र 26 वर्ष निवासी दुर्गानगर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से अवैध शराब तथा घटना में प्रयुक्त कार जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Back to top button