डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में सप्ताहभर कार्यक्रम, छात्रावासों व स्कूलों में भी होंगे सांस्कृतिक आयोजन

देवास। डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर जिले में 14 अप्रैल तक सप्ताहभर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस दौरान स्कूलों, छात्रावासों और ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान, सांस्कृतिक गतिविधियां, विशेष ग्राम सभाएं और शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार जैसे कार्यक्रम होंगे।
आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक के.के. शर्मा ने बताया, कि 14 अप्रैल को डॉ. आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में जिलेभर में सप्ताहिक कार्यक्रम के अंतर्गत सभी स्कूलों एवं छात्रावासों में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, सजावट एवं रंगोली के माध्यम से परिसर को आकर्षक बनाया जाएगा। साथ ही डॉ. आंबेडकर एवं संत रविदास की जीवनी और उनके विचारों पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे लेखन, गायन, चित्रकला, भाषण एवं नाट्य मंचन आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा सभी विद्यालयों एवं आश्रमों में डॉ. आंबेडकर के जीवन पर आधारित चरित्र वाचन किया जाएगा तथा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सप्ताहभर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता और प्रेरणा का संदेश दिया जाएगा।




