राजनीति

देवास में गेहूं उपार्जन केंद्र पर किसानों का हुआ सम्मान, जनप्रतिनिधियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Share

 

देवास। प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार गुरुवार से प्रारंभ हुए गेहूं उपार्जन कार्य के अंतर्गत देवास तहसील के सिया स्थित गेहूं उपार्जन केंद्र (स्टील सायलो) पर उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।

भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव एवं हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी ने केंद्र पर पहुंचकर गेहूं विक्रय हेतु आए किसान बंधुओं का स्वागत किया। नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने किसानों को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर, साफा बांधकर तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस दौरान किसानों में भी खासा उत्साह देखा गया और उन्होंने सरकार की किसान हितैषी नीतियों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने उपार्जन केंद्र पर किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने पेयजल, छांव, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सेंधव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए पारदर्शी व्यवस्था बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि गेहूं उपार्जन केंद्रों पर किसानों का सम्मान करना भाजपा की परंपरा रही है और यह सरकार किसानों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है।

हाटपीपल्या विधायक श्री चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। सरकार द्वारा गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि केंद्र पर आने वाले प्रत्येक किसान को सम्मान और सुविधा मिलनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बहादुर मुकाती, जिला उपाध्यक्ष महेश चौहान, भाजपा नेता मनीष जैन, मंडल अध्यक्ष रविंद्र ठाकुर, मंडल महामंत्री शेखर कुमावत सहित बड़ी संख्या में किसान बंधु एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने दी।

Back to top button